रांची के 19 अंचलों में मंगलवार को राजस्व शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 10 डिसमिल तक जमीन के म्यूटेशन का निपटारा किया जाना था, लेकिन कागजात की कमी सहित अन्य कारण बताकर अधिकतर मामलों को पेंडिंग छोड़ दिया गया। मात्र 25 प्रतिशत आवेदनों पर ही स्वीकृति मिली। जिले के अनगड़ा, अरगोड़ा, बड़गांई, बेड़ो, बुंडू, बुढ़मू, चान्हो, हेहल, इटकी, नामकुम, कांके, रातू, खलारी, नगड़ी, ओरमांझी, राहे, शहर, सिल्ली एवं मांडर में शिविर का आयोजन किया गया। इसमें कुल 2173 आवेदनों को रखा गया। इसमें 591 आवेदकों की जमीन का म्यूटेशन ऑन स्पॉट किया गया। जबकि, 670 आवेदनों को रिजेक्ट कर दिया गया। 912 आवेदनों को पेंडिंग छोड़ दिया गया और पांच मामलों पर आपत्ति की गई। अस्वीकृत आवेदनों की समीक्षा करेंगे वरीय पदाधिकारी कैंप में अस्वीकृत किए गए म्यूटेशन के मामलों की समीक्षा होगी। डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने सभी सीओ को स्पष्ट रूप से कहा है कि बिना ठोस कारण के म्यूटेशन के आवेदनों को अस्वीकृत न करें। इसके बावजूद सभी अंचलों में आवेदन रिजेक्ट किए जा रहे हैं। इसे देखते हुए डीसी ने वरीय अधिकारियों को अस्वीकृत किए जा रहे आवेदनों की जांच करके रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। अस्वीकृत हुए मामलों में जो कारण बताए गए हैं वह सही है या गलत,इसकी समीक्षा होगी।


