रांची में आधी रात काली स्कॉर्पियो का तांडव:स्कॉर्पियो सवारों ने किन्नर को कुचला, पुलिस पर चढ़ाई गाड़ी, फायरिंग के बाद दबोचे गए

राजधानी रांची में सोमवार देर रात से मंगलवार अहले सुबह तक काली स्कॉर्पियो सवार दो युवक सड़कों पर मौत बनकर घूमते रहे। कचहरी चौक से लेकर मांडर और नगड़ी तक इन दोनों ने ऐसा आतंक मचाया कि पुलिस से लेकर आम लोग तक सहम गए। पहले कचहरी चौक इलाके में एक किन्नर को गाड़ी से कुचलकर उसके दोनों पैर तोड़ दिए गए। बीच-बचाव करने आए कॉलेज छात्र को अधमरा कर सड़क पर फेंक दिया गया। हालात इतने बेकाबू हो गए कि पीछा कर रही पुलिस टीम पर भी गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की गई। आखिरकार पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी, जिसके बाद दोनों आरोपियों को काबू में किया गया। 112 पर कॉल से खुला पूरा मामला सोमवार देर रात डायल 112 पर सूचना मिली कि ब्लैक स्कॉर्पियो (JH 01FD 52XX) में सवार दो युवक एक किन्नर को कुचलकर फरार हो गए हैं। एक युवक की हत्या कर शव लेकर भाग रहे हैं। सूचना मिलते ही रांची पुलिस अलर्ट पर आ गई। सबसे पहले घायल किन्नर को अस्पताल पहुंचाया गया। जबकि दूसरी टीमें स्कॉर्पियो की तलाश में जुट गईं। इसी बीच कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय को सूचना मिली कि संदिग्ध वाहन कांके रिंग रोड की ओर बढ़ रहा है। पुलिस ने बैरिकेडिंग की, लेकिन कार सवार बैरिकेड तोड़ते हुए भाग निकले। पहली बार पुलिस को कुचलने की कोशिश की। चार बार पुलिस पर चढ़ाई गाड़ी, आखिर टायर पर चली गोली डीएसपी प्रकाश सोय के मुताबिक रात करीब ढाई बजे से स्कॉर्पियो का पीछा शुरू हुआ। कचहरी चौक, कांके रिंग रोड, तिलता चौक, मांडर और नगड़ी तक घेराबंदी की गई। इस दौरान चार बार पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश की गई। कई पुलिस वाहनों को टक्कर मारी गई। हालात को देखते हुए पुलिस ने अंतिम चेतावनी दी, लेकिन आरोपी नहीं रुके। जब कार एक बार फिर पुलिस टीम की ओर बढ़ी, तो मजबूरी में टायर को निशाना बनाकर फायरिंग की गई। बावजूद इसके कार नहीं रुकी, तब वाहन पर भी गोली चलाई गई। एक आरोपी घायल, कॉलेज छात्र की हालत गंभीर पुलिस की फायरिंग में ड्राइवर सीट पर बैठे इश्तियाक को कमर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने कार को जब्त कर दोनों युवकों इश्तियाक और नगड़ी निवासी गुलफाम को गिरफ्तार कर लिया। इश्तियाक का इलाज अस्पताल में चल रहा है। उधर, जिस युवक की हत्या की सूचना दी गई थी, वह नागा बाबा खटाल के पास घायल अवस्था में मिला। उसकी पहचान कॉलेज छात्र बंटी कुमार के रूप में हुई है, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सदर अस्पताल में पुलिस निगरानी में इलाज जारी है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों ने कचहरी चौक के एक बार में किन्नरों के साथ शराब पी थी। विवाद के बाद किन्नर को कुचला।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *