रांची में नगर निगम चुनाव को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक और बहुस्तरीय इंतजाम किए हैं। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए लगभग 5 हजार सुरक्षाकर्मियों और अधिकारियों की तैनाती की गई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त निगरानी में सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है। प्रशासन के अनुसार, संवेदनशील और अति-संवेदनशील घोषित बूथों पर टू-लेयर यानी दो-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इन केंद्रों पर सशस्त्र बलों की विशेष तैनाती के साथ-साथ मजिस्ट्रेट स्तर की निगरानी भी सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून-व्यवस्था की स्थिति को तुरंत नियंत्रित किया जा सके। सुरक्षा व्यवस्था सिटी एसपी पारस राणा, ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर और सदर एसडीएम कुमार रजत के नेतृत्व में संचालित की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार फील्ड में रहकर सुरक्षा प्रबंधन की समीक्षा कर रहे हैं और संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही सेक्टर मजिस्ट्रेट की टीमें भी सक्रिय हैं, जो बूथ स्तर पर निगरानी, समन्वय और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी। सभी टीमों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी शिकायत या संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाए। रांची के कई मतदान केंद्रों को संवेदनशील और अति-संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। ऐसी होगी सुरक्षा व्यवस्था पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त निगरानी में सभी बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था लागू। संवेदनशील और अति-संवेदनशील बूथों पर टू-लेयर (दो-स्तरीय) सुरक्षा व्यवस्था। सशस्त्र बलों की विशेष तैनाती और मजिस्ट्रेट स्तर की निगरानी। वरिष्ठ अधिकारियों की सीधी कमान और फील्ड में लगातार समीक्षा।


