राइजिंग राजस्थान समिट के दौरान जयपुर की खूबसूरती को बढ़ाने के लिए पूरे शहर में सीजनल फुलवारी और खूबसूरत गमले लगाए गए थे। लेकिन समिट खत्म होने के बाद अब नगर निगम हेरिटेज द्वारा लगाए गए गमलों को हटाने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। जिसके बाद अब शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और डिवाइडर से नगर निगम द्वारा लगाए लगाए गए गमलों को हटाकर सरकारी स्कूलों में वितरित किये जायेंगे। जयपुर नगर निगम हेरिटेज की गार्डन शाखा की डिप्टी कमिश्नर मोनिका सोनी ने बताया कि राइजिंग राजस्थान के दौरान निगम द्वारा शहर को खूबसूरत बनाने के लिए जल महल की पाल, बड़ी चौपड़, छोटी चौपड़, चारदीवारी के प्रमुख बाजारों के साथ ही शहर की प्रमुख सड़कों के डिवाइडर पर 10 बाजार से ज्यादा सजावटी गमले रखवाए गए थे। लेकिन शुक्रवार तक नगर निगम हेरिटेज क्षेत्र से 40% से ज्यादा गमले चोरी हो गए है। ऐसे में अब हमने फैसला किया है कि हेरिटेज क्षेत्र में रखे गमलों को उठाकर उनका प्रॉपर स्टॉक रजिस्टर मेंटेन किया जाएगा। इसके बाद नगर निगम हेरिटेज क्षेत्र के 300 से ज्यादा सरकारी स्कूलों में गमलों को वितरित किया जाएगा। ताकि वहां पौधों की सही तरीके से सार संभाल भी हो सके।


