भास्कर न्यूज | जालंधर राउंड ग्लास रूप नगर, चचराड़ी, हरचोवाल और निक्के घुम्मण की टीमें तीसरे राउंड ग्लास अंतर विकास केंद्र हॉकी टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गईं। ओलिंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में जारी टूर्नामेंट के लीग दौर के अंतिम चार मैच बुधवार को खेले गए। क्वार्टर फाइनल के मुकाबले 19 दिसंबर को खेले जाएंगे। पहला मैच पूल सी में राउंड ग्लास बाबा बकाला और राउंड ग्लास मालेरकोटला के बीच खेला गया, जो 2-2 से बराबर रहा, जिससे दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला। लेकिन वे क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई करने में असफल रहीं। बाबा बकाला को तीन लीग मैचों के बाद दो अंक मिले, जबकि मालेरकोटला को तीन लीग मैचों के बाद एक अंक मिला। खेल के 29वें मिनट में हरसिमरन सिंह ने मलेरकोटला के लिए गोल किया। अमनवीर सिंह ने 37वें मिनट में बाबा बकाला के लिए और अर्शदीप सिंह ने 44वें मिनट में गोल किया। 51वें मिनट में मालेरकोटला के लिए मनराजदीप सिंह ने गोल कर 2-2 स्कोर दिया। मलेरकोटला के सिमरनजोत सिंह को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। दूसरा मैच पूल सी में राउंड ग्लास निक्के घुमन और राउंड ग्लास रूप नगर दमयान के बीच खेला गया, जिसे रूप नगर ने 3-2 से जीत लिया। इस जीत के साथ रूप नगर ने तीन लीग मैचों के बाद 9 अंकों के साथ पूल में पहला स्थान हासिल किया। जबकि निक्के घुमन ने तीन लीग मैचों के बाद 6 अंकों के साथ पूल में दूसरा स्थान हासिल किया। रूप नगर के लिए सौरभ कुमार ने 29वें मिनट और जसमीत सिंह ने 42वें मिनट में गोल किया। निक्के घुमन के लिए अर्शदीप सिंह ने 43वें मिनट और अर्शप्रीत सिंह ने 45वें मिनट में गोल करके स्कोर 2-2 कर दिया। 49वें मिनट में रूप नगर के सौरभ कुमार ने गोल कर मैच 3-2 से जीत लिया। निक्के घुमन के जसप्रीत सिंह को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। तीसरा मैच पूल डी में राउंड ग्लास संसारपुर और राउंड ग्लास किला रायपुर के बीच खेला गया, जिसे संसारपुर ने 2-0 से जीत लिया। संसारपुर ने तीन लीग मैचों में तीन अंक अर्जित किए लेकिन क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने में असफल रहा। किला रायपुर ने लीग मैचों में कोई अंक नहीं बनाया। मैच के दौरान संसारपुर के लिए सूरज ने खेल के 36वें मिनट में तथा कुलजीत ने 51वें मिनट में गोल किया। संसारपुर के सूरज को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। चौथा मैच पूल डी में राउंड ग्लास हरचोवाल और राउंड ग्लास चचराड़ी के बीच खेला गया, जो 2-2 से बराबर रहा। दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला। राउंड ग्लास हरचोवाल ने तीन लीग मैचों में सात अंक अर्जित कर पूल में प्रथम स्थान प्राप्त किया। चचराड़ी की टीम तीन मैचों में पांच अंक अर्जित कर पूल में दूसरे स्थान पर रही। युवराज सिंह और अंकित ने चचराड़ी के लिए गोल किए, जबकि गुरसेवक सिंह ने हरचोवाल के लिए दोनों गोल किए। चचराड़ी के अमनप्रीत सिंह को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया है। इस मौके पर ओलिंपियन सुरिंदर सिंह सोढ़ी, डॉ. जसपाल सिंह प्रिंसिपल खालसा कॉलेज, अंकुर ओबराय, जगदीप गिल, जसबीर चहल, ओलिंपियन राजिंदर सिंह जूनियर, बलबीर सिंह रंधावा, रणजोध सिंह पड्डा, बलविंदर सिंह, अशफाक उल्ला खान, कुलबीर सिंह, नवजीत कौर कुलदीप सिंह, कंचन आदि उपस्थित थे। क्वार्टर फाइनल में आज ये.. {राउंड ग्लास धन्नोवाली बनाम राउंड ग्लास चहल कलां – 9:00 बजे से शुरू होगी। {राउंड ग्लास मिट्ठापुर बनाम राउंड ग्लास तेहिंग – 11:00 बजे {राउंड ग्लास हरचोवाल बनाम राउंड ग्लास निक्के घुमन – 1:00 बजे से शुरू। {राउंड ग्लास रूप नगर बनाम राउंड ग्लास चचराड़ी – 3:00 बजे से शुरू।


