भास्कर न्यूज |लुधियाना पीआरटीसी कर्मचारियों की ओर से बस स्टैंड के नजदीक स्थित पीआरटीसी कार्यालय में श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ शुकराना समागम आयोजित किया गया। इस अवसर पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन पाठों के भोग डाले गए तथा रागी जत्थों द्वारा गुरबाणी कीर्तन कर संगत को निहाल किया गया। समागम दौरान पीआरटीसी के कर्मचारियों ने एकजुट होकर पीआरटीसी के जनरल मैनेजर मोहिंदर पाल सिंह को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया। धार्मिक माहौल में संगत ने गुरु की वाणी का श्रवण कर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया। समागम के समापन पर बोले सो निहाल… सत श्री अकाल के जयकारों के बीच श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की सवारी को पालकी साहिब में सुशोभित कर सम्मानपूर्वक रवाना किया गया। इसके उपरांत गुरु का अटूट लंगर आयोजित किया गया, जिसमें सभी कर्मचारियों ने मिलकर सेवा निभाई और प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर जनरल मैनेजर मोहिंदर पाल सिंह ने बताया कि यह शुकराना समागम कर्मचारियों और उनके परिवारों की सुख-शांति एवं चढ़दी कला की अरदास के लिए हर वर्ष आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी मिल-जुलकर सेवा भावना के साथ इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाते हैं।


