राजगढ़ पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के स्काउट-गाइड विद्यार्थियों ने शनिवार को विद्यालय से जालपा माता मंदिर तक हाइक की। इस गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ जीवन कौशल, अनुशासन, धैर्य और सामूहिक जिम्मेदारी का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना था। हाइक का शुभारंभ विद्यालय परिसर से हुआ। प्राचार्य रोमा सांखला ने हरी झंडी दिखाकर विद्यार्थियों को रवाना किया। स्काउट मास्टर योगेश शर्मा और गाइड कैप्टन राखी के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने अनुशासित पंक्ति में यात्रा शुरू की और पूरे मार्ग में स्काउट-गाइड के नियमों का पालन किया। जालपा माता मंदिर पहुंचने के बाद विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि टीमवर्क और नेतृत्व के बिना लक्ष्य तक पहुंचना संभव नहीं होता। स्काउट-गाइड प्रभारी योगेश शर्मा ने स्पष्ट किया कि तृतीय सोपान एवं राज्य पुरस्कार की तैयारी के लिए हाइक अनिवार्य है। इस गतिविधि में द्वितीय व तृतीय सोपान के कुल 18 विद्यार्थियों ने भाग लिया। हाइक के दौरान स्काउट मास्टर शिवेंद्र शर्मा भी उपस्थित रहे।


