राजगढ़ चौराहा हत्याकांड में 7 आरोपियों को 11 बार उम्रकैद:दो को 10-10 साल की सजा; दतिया की विशेष न्यायालय ने सुनाया फैसला

दतिया में 21 साल पहले राजगढ़ चौराहे पर हुए बहुचर्चित सामूहिक हत्याकांड के मामले में कोर्ट ने गुरुवार फैसला सुनाया। विशेष न्यायाधीश राजेश भंडारी की न्यायालय ने 7 आरोपियों को 11 बार आजीवन कारावास और दाे आरोपियों को 10-10 साल की सजा और जुर्माने से दंडित किया है। मामले में कुल 13 आरोपी थे, जिनमें से दो लोगाें की मौत हो चुकी थी, वहीं दो अन्य आरोपी फरार है। यह था मामला वकील पंकज मिश्रा ने बताया कि, 23 अप्रैल 2003 की दोपहर 1:30 बजे सतेन्द्र सिंह बुंदेला उर्फ भैया राजा, राधा वल्लभ दांगी, धर्मेन्द्र कमरिया और मोजी तिवारी अपने अन्य साथियों के साथ दो जीप में बैठकर न्यायालय से पेशी कर के लौट रहे थे। इस दौरान आरोपी राजगढ़ चौराहे के पास हथियारों से लैस पहले से वहां मौजूद थे। जैसे ही उनकी जीप राजगढ़ चौराहे पर पहुंची, तो आरोपियों ने रास्ता बंद कर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपियों ने रायफल से करीब 100-150 राउंड फायरिंग की थी। इसमें कुल 11 लोगों को गोलियां लगी थी। फायरिंग में हुई थी चार लोगों की माैत वहीं फायरिंग के दौरान आरोपियों ने सतेन्द्र सिंह बुंदेला उर्फ भैया राजा और राधावल्लभ दांगी के पास जाकर सिर में कई गोलियां मारी थी, जिससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई थी। वहीं अस्पताल में इलाज के दौरान मोजी तिवारी और धर्मेन्द्र तिवारी की भी मौत हो गई थी। वहीं 7 अन्य लोग गंभीर घायल हो गए। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों को गिरफ्तार कर चार्ज शीट न्यायालय में प्रस्तुत की। गुरुवार को न्यायालय ने आरोपियों को दोषी पाते हुए दंडित किया है। इन्हें मिली सजा विशेष न्यायाधीश राजेश भंडारी की न्यायालय ने आरोपी पूर्व सरपंच महेश यादव, बलवीर सिंह यादव, अतरसिंह यादव, मुन्ना यादव, बरजोर सिंह यादव, मुकेश टांडोरिया (यादव), वनमाली यादव, हत्या का दोषी पाते हुए 4 बार आजीवन कारावास की सजा से दंडित किया है। इसके अलावा हत्या के प्रयास में 7 बार अलग से आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। वहीं आरोपी दौलत सिंह यादव, राकेश यादव को अपराध में षडयंत्र का दोषी पाते हुए 10-10 साल की सजा और जुर्माने से दंडित किया है। कुल 13 आरोपी, दो की मौत, दो फरार मामले में कुल 13 आरोपी थे, जिनमें से आरोपी श्यामलाल साहू और कैरी यादव की मौत हो गई थी। वहीं भांडेर जनपद अध्यक्ष के पति आरोपी बलदाऊ सिंह यादव और यादव समाज के जिला अध्यक्ष और भाजपा नेता मुकेश यादव वर्तमान में फरार हैं। बीजेपी नेता रह चुका है मुख्य आरोपी महेश यादव रिछरा फाटक आनंद टॉकीज का रहने वाला है। जो हत्याकांड के बाद 5 साल जेल में रहा। साल 2008 में जेल से रिहा हुआ और बीजेपी में शामिल हो गया। दो बार ग्राम पंचायत खोडन से सरपंच रह चुका है। वर्तमान में उसकी बहू दतिया से वार्ड नंबर 10 से बीजेपी पार्षद है। वहीं आरोपी बलदाऊ सेवड़ा तहसील के गांव मलऊआ का रहने वाला है। इस हत्याकांड में बलदाऊ का भाई कैहरी यादव भी शामिल था। जिस की कुछ वर्ष पहले एक विवाद में हत्या हो गई थी। बलदाऊ यादव की पत्नी संतोषी यादव लगातार दो बार से भांडेर जनपद अध्यक्ष है। यह थी सामूहिक हत्याकांड की वजह इस सामूहिक हत्या कांड के लगभग 3 वर्ष पहले मुख्य आरोपी महेश यादव के छोटे भाई सुरेश यादव उर्फ रानी की हत्या कर दी गई थी। जिस का आरोप सतेंद्र सिंह बुंदेला उर्फ भैया के अलावा उनके साथियों पर लगा था। यह सुरेश रानी वह व्यक्ति था जो कि, नगरपालिका पूर्व अध्यक्ष बडे़ रावत हत्या कांड का मुख्य आरोपी था। महेश का भाई होने की वजह से सुरेश की हत्या बदला लेने के लिए इस सामूहिक हत्या कांड को अंजाम दिया गया इस वारदात के बाद क्राइम रेट में दतिया बना प्रदेश में नंबर वन दतिया के इतिहास में इस हत्याकांड से पहले पूर्वाचल की तर्ज पर बदले की ऐसी कार्रवाई कभी नहीं की गई थी। यही वो घटना थी, जिसके बाद लंबे समय तक दतिया शहर नहीं बल्कि पूरा जिला दहशत और आतंक के साए में जीने को मजबूर हो गया था। इसके बाद खुले आम हत्याओं और हत्या के प्रयासों का ऐसा दौर चला जिस ने दतिया को क्राइम रेट में पूरे प्रदेश में नंबर 1 कर दिया। पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, इस हत्याकांड के तीन माह के भीतर जिले भर में 31 हत्याओं को अंजाम दिया गया। छोटी मोटी घटनाओं जैसे, जबरन वसूली, फायरिंग, मारपीट, लूट के कई मामले आए। सारे आरोपी आपस में नजदीकी रिश्तेदार इस सामूहिक नरसंहार में मुख्य आरोपी महेश यादव और उनके नजदीकी रिश्तेदार ही शामिल थे। कुछ बाहरी सहयोगियों के अलावा साले बहनोई और मामा परिवार के द्वारा मिलकर ही इस भयावह घटना को अंजाम दिया गया। घटना के अपराधी मुन्ना राजा यादव और मुकेश यादव महेश यादव के बहनोई के सगे भाई है। बलदाऊ यादव, कहरी और अतर सिंह महेश यादव के बहनोई के जीजा का परिवार है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *