राजगढ़ सांसद रोडमल नागर ने शनिवार को केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर गुना में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने बजट की तारीफ करने के साथ ही कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल को ‘अबोध बालक’ बताते हुए कहा कि वे चीन के एजेंट बनकर बात कर रहे हैं। नागर ने कहा कि राहुल गांधी देश की सुरक्षा और सेना पर सवाल खड़े कर रहे हैं, जो कि एक देशद्रोही काम है। सांसद नागर ने कहा, “राहुल गांधी संवैधानिक संस्थाओं का अपमान कर रहे हैं। वे अपने आप को इस देश का महाराजा समझते हैं। अपनी वाणी और व्यवहार से वे अपनी भद्द पिटवा रहे हैं। क्या कर रहे हैं, कोई सोच है, कोई दृष्टि है, कोई दिशा है? देश ही नहीं सारी दुनिया उन पर हंस रही है। वे चीन की तारीफ कर रहे हैं, चीन का एजेंट बनकर बात कर रहे हैं। हकीकत में ये देशद्रोही काम है। कांग्रेस की तो मति मारी गई है।” ‘कांग्रेस ने कैप्चर करके रखा है’ राहुल गांधी पर तंज कसते हुए सांसद ने कहा, “जैसी उनकी भाषा शैली है और हकीकत में जैसा नेतृत्व द्वारा कहा गया है, वे एक अबोध बालक हैं। जिसको कांग्रेस ने कैप्चर करके रख रखा है। वो जो सोचते हैं, जो बोलते हैं, जो करते हैं, वही उनकी दुनिया है।” ‘बजट विकसित भारत का संकल्प’ बजट पर बोलते हुए नागर ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्पों को सिद्ध करने वाला है। यह बजट सिर्फ बजट नहीं, बल्कि विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत का विजन डॉक्यूमेंट है। इसमें गरीब, युवा, नारी शक्ति और अन्नदाता के साथ मध्यम वर्ग के कल्याण के लिए प्रावधान किए गए हैं। ये रहे मौजूद प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार, जिला महामंत्री रविन्द्र रघुवंशी टिल्लू, जिला मीडिया प्रभारी अंकुर श्रीवास्तव, जिला उपाध्यक्ष सुशील दहिफले और सह संयोजक ओमप्रकाश राठौर विशेष रूप से उपस्थित रहे।


