ट्रैफिक जाम और सड़क पर कब्जों के खिलाफ राजधानी में लगातार तीसरे दिन बड़ा अभियान चला। जयस्तंभ चौक, मालवीय मार्ग, बैजनाथपारा रोड और रहमानिया चौक जैसे व्यस्त मार्गों को जनहित में अतिक्रमण मुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान सड़क पर अवैध रूप से खड़े करीब 10 ठेलों को जब्त किया गया और दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गई कि दोबारा सड़क पर कब्जा किया तो सामान जब्त कर लिया जाएगा। रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेश पर नगर निगम और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने यह अभियान चलाया। निगम आयुक्त विश्वदीप और यातायात एसपी अजय कुमार के निर्देश पर एएसपी यातायात विवेक शुक्ला सहित नगर निवेश विभाग, जोन-4 की टीम और उड़नदस्ता ने बाजार क्षेत्र में सघन कार्रवाई की। दुकानदारों को समझाइश, दोबारा कब्जा किया तो जब्ती टीम ने दुकानदारों को साफ शब्दों में समझाया कि सड़क पर सामान रखकर अतिक्रमण न करें। यदि भविष्य में सड़क पर सामान पाया गया तो जनहित में सख्तीपूर्वक जब्ती की जाएगी और इसकी जिम्मेदारी संबंधित दुकानदार की होगी। कार्रवाई के दौरान कई स्थानों से सड़क किनारे रखा सामान हटवाया गया, जिससे यातायात सुगम हुआ। एनएचआई के साथ संयुक्त कार्रवाई, 27 हजार का ई-चालान इसी अभियान के तहत पचपेड़ीनाका चौक से संतोषी नगर चौक तक नगर निगम मुख्यालय के नगर निवेश उड़नदस्ता ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई की। यहां सड़क पर कब्जा करने वाले लगभग 15 दुकानदारों पर कुल 27 हजार रुपए का ई-चालान किया गया। संबंधित व्यापारियों को भविष्य के लिए कड़ी चेतावनी भी दी गई। बाजार क्षेत्र में ट्रैफिक हुआ व्यवस्थित लगातार तीसरे दिन चली इस कार्रवाई का असर बाजार क्षेत्र में साफ दिखाई दिया। प्रमुख मार्गों पर यातायात पहले की तुलना में अधिक सुगम और व्यवस्थित नजर आया। आम लोगों को जाम की समस्या से राहत मिली और आवाजाही आसान हुई। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि ‘टीम प्रहरी’ अभियान आगे भी जारी रहेगा। सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी, ताकि राजधानी में यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहे।


