भास्कर न्यूज | राजनगर राजनगर प्रखंड के बड़ा सिजुलता पंचायत अंतर्गत पाटा हेंसल गांव में रविवार को ग्राम देवी की वार्षिक पूजा पारंपरिक विधि-विधान और श्रद्धा के साथ धूमधाम से सम्पन्न हुई। गांव के जाहेर स्थान में आयोजित इस पूजा का विधिवत पूजा- अर्चना नायके बाबा शशिभूषण सरदार द्वारा किया गया। उन्होंने ग्राम देवी से गांव की सुख समृद्धि की कामना की। पूजा के दौरान पाटा हेंसल गांव के सैकड़ों महिला-पुरुष और श्रद्धालु पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ ग्राम देवी की आराधना में शामिल हुए। पूजा बाद ग्रामीणों ने जाहेर स्थल की जर्जर स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उसके सौंदर्यीकरण व मरम्मति को लेकर विचार-विमर्श किया। ग्रामीणों ने बताया कि झारखंड सरकार द्वारा राजनगर प्रखंड के विभिन्न जाहेर स्थलों का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है, ऐसे में पाटा हेंसल के ग्राम जाहेरथान को भी इस योजना में शामिल किया जाना अत्यंत आवश्यक है। ग्रामीणों का कहना है कि जाहेर स्थल न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि यह आदिवासी संस्कृति और परंपरा की पहचान भी है। मौके पर पुजारी (नायके बाबा) शशिभूषण सरदार, ग्राम प्रधान अर्चन मंडल, अंगद मंडल, तपन मंडल, नीतीश मंडल, विप्लब मंडल, भोलानाथ गोप, अनूप मंडल, प्रणव मंडल, सुजीत मंडल, रविकांत गोप, अजित मंडल सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।


