राजनांदगांव के स्टेशनपारा स्थित श्री तिरूपति बालाजी मंदिर की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर रजत जयंती समारोह का आयोजन किया जा रहा है। मंदिर समिति ने इस अवसर पर दो दिवसीय कार्यक्रम की योजना बनाई है। 19 अप्रैल को सुबह भगवान का 108 कलशों से भव्य अभिषेक होगा। शाम 5 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा गायत्री मंदिर चौक से शुरू होकर कामठी लाईन, भारत माता चौक, आजाद चौक और महाकाल चौक होते हुए महावीर चौक पर समाप्त होगी। इसके बाद मंदिर परिसर में महाआरती और 56 भोग का आयोजन होगा। 20 अप्रैल को सुबह 9:30 से दोपहर 12 बजे तक भगवान बालाजी का विवाह समारोह होगा। दोपहर 12:30 बजे से प्रसादी वितरण की व्यवस्था की गई है, जिसमें लगभग 4 से 5 हजार भक्तों के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई है। वर्ष 2000 में हुई थी मंदिर की स्थापना मंदिर की स्थापना वर्ष 2000 में स्व. वीपी कृष्णा मुदलियार और उनके भाई स्व. उदय मुदलियार और श्रीधर मुदलियार ने की थी। स्थापना के समय 13 से 20 अप्रैल तक 7 दिवसीय भगवान विष्णु का महायज्ञ किया गया था। इसी दौरान श्री व्यंकटेश बालाजी की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा भी की गई थी। वर्ष 2023 में मंदिर के भव्य रूप और बेहतर संचालन के लिए श्री तिरूपति बालाजी धर्मार्थ सेवा समिति का गठन किया गया है। यह एक पंजीकृत समिति है जो मंदिर की गतिविधियों का संचालन कर रही है। धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां मंदिर में समय-समय पर महायज्ञ, भागवत कथा और विविध धार्मिक आयोजनों की परंपरा रही है। मंदिर में आचार्य कौशिक महाराज और पं. रघुनाथ महाराज द्वारा भागवत पाठ किए गए हैं। वर्ष 2002 में आयोजित एक विशेष आयोजन में द्वारका पीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने भी शिरकत कर श्रद्धालुओं को दर्शन लाभ प्रदान किया था। 2023 में हुआ समिति का गठन मंदिर के सुचारु संचालन और धार्मिक गतिविधियों को संगठित ढंग से संपन्न कराने के लिए वर्ष 2023 में श्री तिरुपति बालाजी धर्मार्थ सेवा समिति का गठन किया गया। यह एक पंजीकृत संस्था है जो मंदिर की सभी गतिविधियों का जिम्मेदारीपूर्वक संचालन कर रही है। प्रेसवार्ता के दौरान मंदिर समिति के अध्यक्ष समीर पोद्दार, सचिव जय मुदलियार, कोषाध्यक्ष नरेंद्र मुदलियार, और सदस्यगण राधेकृष्ण गुप्ता, कैलाश हुंका, मिलिंद रेड्डी, अशोक श्रीवास्तव, योगेश मुदलियार, मिलिंद मुदलियार, योगेंद्र कुमार मुदलियार, श्रीकांत मुदलियार, एवं आनंद मुदलियार सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित थे।


