राजनांदगांव पुलिस ने 12 फरार अपराधियों पर इनाम घोषित किया:अपराध रोकने के लिए ₹5-5 हजार का नकद इनाम

राजनांदगांव जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने और लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस विभाग ने ‘हंट’ अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कड़ा रुख अपनाते हुए शहर और ग्रामीण इलाकों के 12 कुख्यात फरार आरोपियों की सूची जारी की है। इन सभी पर ₹5,000-₹5,000 का नकद इनाम घोषित किया गया है। पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, कुल 12 फरार अपराधी हैं, जिन पर संयुक्त रूप से ₹60,000 की इनाम राशि घोषित की गई है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। ये अपराधी हत्या, मारपीट, चोरी और अन्य गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित हैं। पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक सूची में जिले के साथ-साथ बाहरी क्षेत्रों के अपराधी भी शामिल हैं, जो गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे हैं। फरार आरोपियों में अविनाश साखरे (आमगांव, गोंदिया), कामरान मुगल (अटल आवास, पेंड्री), धर्मेंद्र तलकड़े (सोलह खोली), परमजीत सिंह ‘पम्मे’ (शांति नगर, दुर्ग), राजेश मंडावी (ग्राम बोरईडीह), दीपक तोतवानी (जीवन कॉलोनी), डोमन लाल साहू (ग्राम साल्हेटोला), नागेश कुमार कतलाम (कल्लू टोला, छुरिया), रुद्र वैष्णव (ममता नगर), अमित मिश्रा (तुलसीपुर) और राजेश लुनिया (दरोगा चाल) शामिल हैं। एसपी अंकिता शर्मा ने कहा है कि ये आरोपी समाज के लिए खतरा बने हुए हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी के पास इन चेहरों या इनके ठिकानों के बारे में कोई जानकारी है, तो वह तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करे। पुलिस विभाग, राजनांदगांव ने यह भी चेतावनी दी है कि अपराधियों को पनाह देना भी अपराध है। विभाग ने आश्वासन दिया है कि जो नागरिक इन फरार आरोपियों को पकड़वाने में पुलिस की मदद करेंगे, उन्हें न केवल पुरस्कृत किया जाएगा, बल्कि उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी पुलिस प्रशासन की होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *