राजनांदगांव में होली पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम:700 जवान तैनात, ड्रोन से होगी निगरानी; महिला पेट्रोलिंग टीम भी बनी

राजनांदगांव पुलिस ने आगामी होली पर्व (2 से 5 मार्च) के लिए व्यापक सुरक्षा योजना तैयार की है। एसपी अंकिता शर्मा के निर्देश पर जिले में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा रही है। इस दौरान हुड़दंगियों और असामाजिक तत्वों से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पूरे जिले को चार प्रमुख जोनों- शहरी, अर्ध-शहरी, ग्रामीण और बॉर्डर क्षेत्र में बांटा गया है। एसपी के नेतृत्व में 700 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे। संवेदनशील इलाकों में दंगा नियंत्रण टीम और रिजर्व बल को अलर्ट पर रखा गया है। ड्रोन कैमरों के जरिए होगी निगरानी तकनीकी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन कैमरों के जरिए आसमान से निगरानी की जाएगी। जिला मुख्यालय में 24×7 संचालित एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां राजपत्रित अधिकारी की देखरेख में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। पुलिस ने अपराधियों और हुड़दंगियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का रुख अपनाया है। आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत पुराने बदमाशों की सघन चेकिंग कर उन पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। ‘चखना सेंटरों’ और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ भी अभियान जारी है। होटल, लॉज और ढाबों की निरंतर जांच की जा रही है। शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों की खैर नहीं यातायात सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ब्रीथ एनालाइजर का उपयोग कर शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों, ट्रिपल राइडिंग करने वालों और मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। होली के दौरान महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष महिला पेट्रोलिंग टीम का गठन किया गया है। छेड़छाड़ जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। आपातकालीन सहायता के लिए विशेष महिला हेल्पलाइन नंबर 9479192100 और पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9479192199 जारी किए गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *