राजनीतिक पाठशाला:मार्च और अप्रैल में भाजपा-कांग्रेस के नेताओं का होगा प्रशिक्षण

सत्ताधारी दल भाजपा और प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस आगामी महीनों में अपने-नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने जा रही है। भाजपा जहां अपने कार्यकर्ताओं को वैचारिक प्रशिक्षण के साथ एआई और सोशल मीडिया का प्रशिक्षण देगी वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के जिलाध्यक्षों को दस दिनों तक पार्टी की विचारधारा से लेकर सत्ता में वापसी के गुर सिखाए जाएंगे। दरअसल मंगलवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026’ की प्रांतीय कार्यशाला का आयोजन किया गया था। जिसमें एआई और सोशल मीडिया के साथ ही सरकार की योजनाओं और पार्टी की नीतियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्लानिंग तैयार की गई। वहीं दूसरी ओर 10 फरवरी को नईदिल्ली में राहुल और खरगे की क्लास में कांग्रेस के जिलाध्यक्षों को पार्टी का सबसे बड़ा नेता बताते हुए उन्हें सभी को साथ लेकर चलने की नसीहत दी गई है साथ ही और 10 दिन की ट्रेनिंग देने की तैयारी भी की जा रही है। यह प्रशिक्षण मंडल स्तर तक आयोजित होंगे: साय
प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि यह प्रशिक्षण महाअभियान मंडल स्तर तक आयोजित किया जाएगा। भाजपा का यह संकल्प है कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को जन-जन तक पहुंचाकर राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया को और अधिक सशक्त बनाया जाए।
भाजपा: सभी ग्रामीण और शहरी मंडलों में सात बिंदुओं पर 7 मार्च से होगी ट्रेनिंग पश्चिम-मध्य क्षेत्रीय संयोजक केसी पटेल ने कहा कि 7 मार्च से 14 अप्रैल तक देश के सभी ग्रामीण और शहरी मंडलों में अभ्यास वर्ग आयोजित किए जाएंगे। मंडल स्तर के प्रशिक्षण के समापन के बाद 15 अप्रैल से जिलास्तरीय अभ्यास वर्ग शुरू होंगे। प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के लिए विशेष रूप से 7 प्रमुख विषयों का चयन किया गया है। इनमें वैचारिक अधिष्ठान के तहत भाजपा से जुड़ाव और हमारी विचारधारा, जनसंघ से लेकर भाजपा तक के सफर पर चर्चा, कार्यकर्ता की आदर्श कार्य-पद्धति, केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की रणनीति, एआई, सोशल मीडिया और आईटी का प्रभावी उपयोग और कार्यकर्ताओं की प्रतिभा और रुचि को निखारने के लिए रात्रिकालीन सांस्कृतिक सत्र शामिल है। कांग्रेस: 10 दिन की ट्रेनिंग, एक दिन परिवार के सदस्यों के साथ जाएंगे जिलाध्यक्ष
कांग्रेस संगठन जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने और नेतृत्व को नए सिरे से तैयार करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। पार्टी की ओर से मार्च महीने में कांग्रेस जिलाध्यक्षों के लिए 10 दिवसीय महाप्रशिक्षण कार्यक्रम होगा। ट्रेनिंग में छत्तीसगढ़ समेत दो अन्य प्रदेशों के जिलाध्यक्ष भी शामिल होंगे। 10 दिन की इस महाप्रशिक्षण के दौरान एक दिन सभी जिलाध्यक्षों को अपने परिवार के साथ इस कार्यक्रम में शामिल होना जरूरी है। बताया गया है कि जिस दिन राहुल गांधी जिलाध्यक्षों को मार्गदर्शन देंगे उसी दिन सभी जिलाध्यक्षों को परिवार के साथ आने के लिए कहा गया है। यह प्रशिक्षण केवल संगठनात्मक कौशल तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें नेतृत्व विकास, विचारधारा की समझ, चुनावी रणनीति, जनसंपर्क और संगठन विस्तार जैसे विषयों पर गहन मंथन किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *