राजपाल यादव को बेल मिलने का दावा गलत:वायरल वीडियो में सलमान खान को शुक्रिया करते दिखे एक्टर, 16 फरवरी को होगी जमानत याचिका पर अगली सुनवाई

चेक बाउंस केस में तिहाड़ जेल में बंद राजपाल यादव का एक वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि एक्टर को बेल मिल चुकी है, जिसके बाद उन्होंने सलमान खान को शुक्रिया किया है। हालांकि ये दावा गलत है। वायरल हो रहा वीडियो काफी पुराना है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में राजपाल यादव कह रहे हैं, ‘सलमान भाई बड़े भाई की तरह हैं। सलमान भाई के साथ घर में बैठकर, उनके साथ बहुत खुशी महसूस हो रही है। सलमान भाई जैसे इंसान अपनी इंडस्ट्री में बहुत कम हैं। वो हमेशा लोगों के लिए खड़े रहते हैं। और हमने तो 20 साल से लगातार सलमान भाई के साथ 10-12 फिल्में की हैं। मैं पूरी तरह से राहत महसूस कर रहा हूं और उनके अच्छे की कामना करता हूं।’ इस वीडियो के साथ दावा किया गया कि राजपाल यादव को चेक बाउंस केस में जमानत मिली है, जिसके बाद उन्होंने आर्थिक मदद देने के लिए सलमान का शुक्रिया अदा किया है। हालांकि फैक्ट चैक में सामने आया है कि ये वीडियो 8 साल पुराना है। ये वीडियो तब का है जब सलमान खान को काला हिरण शिकार मामले में बेल मिली थी। 2018 के इस वीडियो में राजपाल यादव सलमान की बेल पर बात कर रहे हैं न कि अपनी बेल पर। 16 फरवरी तक नहीं मिलेगी राजपाल यादव को जमानत राजपाल यादव की बेल याचिका पर 12 फरवरी को दिल्ली हाईकोर्ट में हुई थी। कोर्ट से एक्टर की जमानत याचिका खारिज हो गई है। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने एक्टर को फटकार लगाई। दिल्ली हाईकोर्ट ने राजपाल यादव से पूछा कि वे सजा को रद्द करने की मांग क्यों कर रहे हैं। उन्होंने खुद माना था कि उन्होंने पैसा उधार लिया था और उसे लौटाने का वादा किया था। ऐसे में अब सजा पर रोक लगाने की मांग किस आधार पर की जा रही है? इसके जवाब में एक्टर के वकील ने कहा कि उन्होंने (राजपाल) उसी दिन कोर्ट को बताया था कि वे इस मामले को सुलझाना चाहते हैं। राजपाल यादव ने अपने कहे हुए वादे का पालन करने के लिए अदालत में सरेंडर किया है। फिल्म में जो 5 करोड़ रुपए लगाए गए थे, उन्हें एक्टर चुकाना चाहते हैं और अब तक 3 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि चुका दी गई है। अदालत ने राजपाल यादव को फटकार लगाई और कहा कि समझ नहीं आता यह बहस क्यों हो रही है। आपने याचिका दाखिल की थी और कहा था कि पैसा लौटाएंगे, लेकिन फिर सालों तक भुगतान नहीं किया। पिछले आदेश का पालन न करने की वजह से आपको जेल में सरेंडर करना पड़ा। आपको 25-30 मौके दिए गए। अब आप यह केस दोबारा क्यों खोलना चाहते हैं? आपको यह बताना होगा कि पैसे देने में देरी क्यों हुई। मुझे आपसे सहानुभूति हो सकती है, लेकिन कानून तो कानून है। अगर आप अमाउंट जमा करने के लिए तैयार हैं तो आगे सुनवाई जारी रखी जाएगी। राजपाल यादव के वकील ने कहा कि वे कोर्ट में पैसे जमा करने के लिए तैयार हैं, लेकिन परिवार में शादी होने की वजह से जमानत की मांग कर रहे हैं। राजपाल यादव की बेल याचिका पर अगली सुनवाई 16 फरवरी को होने वाली है। जब तक वो तिहाड़ जेल में ही रहेंगे। क्यों जेल में बंद हैं राजपाल यादव? साल 2010 में राजपाल यादव ने फिल्म अता पता लापता बनाने के लिए प्राइवेट कंपनी मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ रुपए का कर्ज लिया था। ये फिल्म फ्लॉप रही और राजपाल यादव को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ा। राजपाल यादव समय रहते कर्ज की रकम नहीं लौटा सके। लोन लेते समय राजपाल यादव ने जो चेक कंपनी को दिए थे वो बाउंस हो गए, जिसके बाद एक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई। दोनों पार्टी के बीच समझौते के बावजूद पूरी पेमेंट नहीं हुई और समय के साथ ब्याज जुड़ता गया, जिससे कुल कर्ज काफी बढ़ गया। साल 2018 में दिल्ली की कड़कड़डूमा कोर्ट ने राजपाल यादव को दोषी ठहराया और उन्हें छह महीने की जेल की सजा सुनाई। इसके बाद उन्होंने उच्च अदालत में अपील की, जहां उन्हें कई बार राहत मिली, क्योंकि उन्होंने भुगतान और समझौते का भरोसा दिया था।
सरेंडर से पहले एक्टर ने कहा- मेरे पास पैसे नहीं हैं सरेंडर करने से ठीक पहले राजपाल यादव ने कहा था कि उनके पास लौटाने के लिए पैसे नहीं हैं। जब वो जेल गए तो सोनू सूद ने इंडस्ट्री से एकजुट होकर एक्टर की मदद करने की अपील की। इसके बाद कई लोग राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आए। सलमान खान, अजय देवगन, डेविड धवन जैसे कई लोगों ने एक्टर को आर्थिक मदद दी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *