राजपुर | बलरामपुर जिले के राजपुर में सोमवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली और जोरदार बारिश हुई। बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को धूल से राहत मिली। दोपहर लगभग 4.30 बजे अचानक मौसम बदल गया और देखते ही देखते झमाझम बारिश शुरू हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग 343 पर उड़ती धूल बारिश की वजह से थम गई। तेज हवाओं के कारण कई पेड़ क्षतिग्रस्त हो गए और बिजली के तारों को भी नुकसान पहुंचा। ग्राम झींगों में धूल भरी आंधी से घरों की छतों पर लगे शीट क्षतिग्रस्त हो गए। हवा इतनी तेज थी कि लोहे की मशीनरी समान भी उड़कर गिर गया। बारिश और आंधी से लोगों को धूल से तो निजात मिली, लेकिन सड़कों पर कीचड़ व क्षतिग्रस्त ढांचों ने स्थानीय नागरिकों के लिए परेशानी बढ़ा दी। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक अस्थिर मौसम की संभावना जताई है।


