राजवाड़ा पर हुई व्यवस्थाओं की समीक्षा:व्यापारी बोले- नियमों का उल्लंघन करने वालों पर करें कार्रवाई, हमारा पूरा सहयोग

ट्रैफिक को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस अधिकारी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के साथ ही कार्रवाई भी कर रहे हैं। शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र राजवाड़ा में यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से डीसीपी (प्रभारी यातायात) राजेश कुमार त्रिपाठी ने सोमवार को व्यापारियों के साथ राजवाड़ा पर समीक्षा बैठक की।
इसमें यातायात पुलिस के अधिकारियों के साथ-साथ सराफा बाजार, कपड़ा मार्केट, शीतला माता बाजार, राजवाड़ा मार्केट, जवाहर मार्ग, एमजी रोड सहित आसपास के क्षेत्रों के व्यापारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में डीसीपी त्रिपाठी ने बताया कि राजवाड़ा क्षेत्र में यातायात पुलिस द्वारा लगातार पैदल भ्रमण, निरीक्षण और प्रभावी कार्रवाई के माध्यम से यातायात व्यवस्था में सुधार किया जा रहा है।
इस अभियान में व्यापारियों का भी महत्वपूर्ण सहयोग मिला है। कई दुकानदारों ने यातायात पुलिस के सुझाव अनुसार “केवल ग्राहकों की पार्किंग” के बोर्ड लगाए गए हैं और खुद के वाहन पार्किंग में खड़े कर रहे हैं। इसके साथ ही व्हाट्सएप हेल्पलाइन पर मिली शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। राजवाड़ा क्षेत्र में लगातार क्रेन सपोर्ट के माध्यम से नो पार्किंग, रॉन्ग साइड वाहन संचालन एवं यातायात बाधित करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है। आगामी दिनों में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर व्हील लॉक लगाने की कार्रवाई भी शुरू की जाएगी। डीसीपी त्रिपाठी ने दुकानदारों एवं प्रतिष्ठान संचालकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग में ही खड़े करें तथा दुकानों के बाहर बनी सफेद पट्टी में केवल ग्राहकों के वाहन अल्प समय के लिए ही खड़े होने दें, जिससे क्षेत्र का व्यापार बढ़ेगा और यातायात भी सुगम रहेगा। बैठक के दौरान उपस्थित व्यापारियों ने यातायात पुलिस की पहल की सराहना करते हुए कहा कि यातायात व्यवस्था सुधारने हेतु व्यापारी वर्ग हर संभव सहयोग करेगा तथा जो भी व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करेगा, उसके विरुद्ध कार्रवाई करने में यातायात पुलिस को पूरा समर्थन रहेगा। डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने कहा कि इंदौर रिटेल गारमेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अक्षय जैन ने अभियान में सक्रियता दिखाई है। इसी तरह अन्य बाजारों के संगठन भी अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापारियों से निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़े कराने के लिए आग्रह करें। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक सुधार तभी संभव है, जब व्यापारी स्वयं अनुशासन का पालन करेंगे। बैठक में एडिशनल कमिश्नर नगर निगम अभय राजेंद्रगांवकर, एडिशनल पुलिस आयुक्त संतोष कौल, सहायक पुलिस आयुक्त सुप्रिया, सराफा थाना प्रभारी लिटोरिया व्यापारी एसोशिएशन से बैठक में अक्षय जैन, हुकुम सोनी, कैलाश मूंगड़, अविनाश शास्त्री सहित अनेक व्यापारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *