बाड़मेर | जिला प्रशासन एवं राजीविका बाड़मेर के संयुक्त तत्वावधान में महिला स्वयं सहायता समूहों के हस्तनिर्मित उत्पादों की बिक्री को प्रोत्साहित करने के लिए जिला मुख्यालय के आदर्श स्टेडियम में बुधवार से राजसखी मेले की शुरुआत होगी। मेला 25 फरवरी तक चलेगा। राजीविका के जिला परियोजना प्रबंधक नरपत सिंह भाटी ने बताया कि जिला स्तरीय राजसखी मेला 18 फरवरी को प्रातः 10 बजे प्रारंभ होगा। मेला प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात्रि 10 बजे तक खुला रहेगा। इसमें बाड़मेर सहित राज्य के विभिन्न जिलों के स्वयं सहायता समूह अपने स्टॉल लगाएंगे। मेले में मिट्टी के बर्तन, गर्म पट्टू, मूंग पापड़, आम पापड़, दलिया, नमकीन, हींग, आर्टिफिशियल ज्वैलरी, रेडीमेड गारमेंट, श्रृंगार सामग्री, आचार-मुरब्बा, टेराकोटा, मीनाकारी, जूट उत्पाद, कठपुतलियां, केर-सांगरी, बकरी के दूध का साबुन, बाजरे के बिस्किट सहित कई हस्तनिर्मित उत्पाद उपलब्ध होंगे। एक हजार रुपए तक की खरीदारी करने वाले ग्राहकों के लिए पुरस्कार की व्यवस्था भी की गई है। मेले के दौरान प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम और बच्चों के लिए झूले भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।


