राजसमंद कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा का संकल्प आखिरकार पूरा हो गया। 17 जनवरी को कलेक्टर ने संकल्प लिया था कि जब तक पालनहार, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और एनएफएसए योजना से संबंधित लंबित आवेदनों का शत-प्रतिशत सत्यापन नहीं हो जाता, तब तक वे अपना वेतन स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने लेखाधिकारी को जनवरी माह का वेतन बिल तैयार नहीं करने के निर्देश भी दिए थे और कहा था कि जब तक सभी एसडीएम सत्यापन का प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं करेंगे, तब तक वेतन बिल नहीं बनेगा। कलेक्टर के इस फैसले को जिले के सभी एसडीएम और संबंधित विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों ने गंभीरता से लिया और अभियान की तरह कार्य में जुट गए। इसके बाद जिले में लंबित पेंशन के 23 हजार, पालनहार योजना के 3200 और एनएफएसए के आवेदनों का सत्यापन पूर्ण कर लिया गया है। इसके साथ राजसमंद जिला पेंशन योजना में दूसरे स्थान से पहले स्थान पर पहुंच गया है। आज जिला परिषद सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उपखंड अधिकारियों, विकास अधिकारियों, सीबीईओ और नगर निकायों के ईओ का सम्मान भी किया गया। कलेक्टर अब संकल्प पूरा होने पर अपना वेतन लेंगे।


