राजसमंद में पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा एक दिवसीय एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों में लिप्त अपराधियों को विशेष रूप से टारगेट किया गया। 207 जगहों पर दबिश दी पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता के अनुसार कार्रवाई के दौरान 500 से अधिक पुलिस बल की तैनाती करते हुए 72 विशेष टीमें गठित की गईं, टीमों द्वारा जिलेभर में 207 जगहों पर दबिश दी। इसमें विभिन्न प्रकरणों में वांछित कुल 48 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें स्टैंडिंग वारंटी और गिरफ्तारी वारंटी के आरोपी भी शामिल हैं। 2 इनामी और 7 हिस्ट्रीशीटर पकड़े इसके अतिरिक्त 57 लोगों को प्रिवेंटिव सेक्शन के तहत गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों में 2 इनामी अपराधी और 7 हिस्ट्रीशीटर भी शामिल हैं। पुलिस ने प्रॉपर्टी से जुड़े अपराधों में संलिप्त 32 हिस्ट्रीशीटर की भी जांच और सत्यापन किया।
दबिश के दौरान अवैध गतिविधियों पर भी कार्रवाई करते हुए 7 प्रकरण एक्साइज एक्ट तथा 1 प्रकरण एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया। अभियान का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का भाव मजबूत करना, पुलिस की सक्रिय उपस्थिति दर्शाना तथा अपराधियों में कानून का भय स्थापित करना रहा।


