राजसमंद में घने कोहरे के चलते जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित रहा। सुबह से ही कोहरे की चादर छाई रही, जिससे विजिबिलिटी महज 300 से 400 फीट तक सिमट गई। कम विजिबिलिटी के कारण गोमती-उदयपुर फोरलेन और राजसमंद – भीलवाड़ा फोरलेन पर वाहनों की रफ्तार काफी धीमी रही। वाहन चालकों को दिन में भी हैडलाइट जलाकर वाहन चलाने पड़े। कोहरे के चलते सुबह के समय दुग्ध सप्लायरों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं 12 बजे तक धूप नहीं निकलने से सर्दी का असर और तेज हो गया और लोगों ने गलन महसूस की। घने कोहरे के कारण राजसमंद झील और आसपास की पहाड़ियां ढक गईं, जिससे झील की नौ चौकी पाल का नजारा बेहद खूबसूरत दिखाई दिया। कोहरे में पानी और आसमान एक जैसे नजर आए। इस मनमोहक दृश्य को देखने के लिए नौ चौकी पाल पर पर्यटकों की भीड़ उमड़ पड़ी। पर्यटकों ने झील किनारे कोहरे के बीच प्राकृतिक सौंदर्य का जमकर लुत्फ उठाया और इस खूबसूरत नजारे को कैमरे में कैद किया। कई पर्यटकों ने सेल्फी लेकर इस यादगार पल को संजोया।


