राजसमंद में आगामी 22 फरवरी से राजसखी मेला का आयोजन किया जाएगा। यह मेला द्वारकेश वाटिका में सात दिनों तक चलेगा, जिसका समापन 28 फरवरी को होगा। मेले में 100 से अधिक उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां प्रदेशभर की स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं अपने उत्पादों की बिक्री करेंगी। स्टॉल पर लगेंगे हर्बल गुलाल मेले में विशेष रूप से होली के अवसर पर तैयार किए गए हर्बल रंग और गुलाल आकर्षण का केंद्र रहेंगे। महिला समूहों ने नीम की पत्तियों, गुलाब की पंखुड़ियों, सीताफल और पलाश के फूलों से प्राकृतिक व सुरक्षित हर्बल गुलाल तैयार की है। इसके साथ ही हस्तशिल्प, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, पारंपरिक खाद्य सामग्री, सजावटी आइटम और अन्य हर्बल उत्पाद भी एक ही स्थान पर उपलब्ध रहेंगे। वोकल फॉर लोकल को प्रमोट करेंगे राजीविका और जिला प्रशासन राजसमंद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह मेला ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को साकार करने के साथ महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा ने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर महिला समूहों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।


