राजसमंद में 27 को चलेगा मिशन कुटुम्ब कवच:प्रत्येक पंचायत व नगरीय क्षेत्र में होगा शिविर का आयोजन

राजसमंद में 27 दिसम्बर को मिशन कुटुम्ब कवच अभियान चलाया जाएगा। जिसके तहत प्रत्येक पंचायत व नगरीय क्षेत्र में शिविर का आयोजन कर लोगों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना से जोड़ा जाएगा।
जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा के निर्देशन में भारत सरकार की प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में वंचित नागरिकों के पंजीकरण के लिए ‘मिशन कुटुम्ब कवच’ की तैयारियां जिलेभर में तेज हो गई है। कलक्टर असावा द्वारा बैंकों, राजीविका, खान विभाग, उद्योग विभाग, रीको सहित विभागों को अधिकाधिक लोगों को इस योजना में जोड़ने के लिए लक्ष्य निर्धारित कर निर्देश दिए गए हैं। जिला परिषद एसीईओ डॉ. सुमन अजमेरा को अभियान का नोडल अधिकारी बनाया गया है। अभियान के तहत 27 दिसंबर शुक्रवार को सुबह 11 बजे से जिले की सभी ग्राम पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्रों में विशेष शिविरों का आयोजन होगा। जहां योजना से वंचित लोगों का पंजीयन किया जाएगा। औद्योगिक इकाइयों, रीको, व्यापारिक संगठनों द्वारा भी विशेष शिविरों का आयोजन होगा। कलक्टर ने आमजन से शिविरों में आकर भारत सरकार की इस बीमा योजना में पंजीयन करवा कर अपने परिवार को सुरक्षा कवच देने की अपील की है। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना- प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत मात्र 436 रु. वार्षिक प्रीमियम पर 2 लाख रु. का जीवन बीमा कवर (सामान्य मृत्यु एवं दुर्घटना से मृत्यु पर) उपलब्ध है। 18 से 50 वर्ष की आयु वर्ग के सभी बचत खाता धारकों के लिए योजना लागू है। फिर भी प्रशासन कुछ समूहों को विशेष तौर पर जोड़ने के प्रयास करेगा। योजना में वृहद रूप से असंगठित क्षेत्र के समस्त कामगारों यथा विभिन्न औद्योगिक इकाइयों – गैंगसा, कटर व कारखानों में कार्यरत श्रमिक, माइनिंग क्षेत्र मे कार्यरत श्रमिकों एवं कार्मिकों, खुदरा दुकानों, डिपो, होटल, रेस्टोरेंट, टॉल प्लाजा, बड़े निर्माण कार्यों, सार्वजनिक निर्माण विभाग, मनरेगा श्रमिकों, जॉब कार्ड धारित श्रमिकों, नगर परिषद, नगरपालिका क्षेत्र में कार्यरत थड़ी, ठैले, अस्थाई केबिन संचालन करने वाले व्यक्तियों, प्रधानमंत्री स्वनिधि से लाभान्वित व्यक्तियों, प्रधानमंत्री किसान समान निधि योजना से लाभान्वित व्यक्तियों, समस्त काश्तकार, डेयरी संगठनों, सहकारी समितियों, संघों से जुडे़ काश्त कारों, चिकित्सालयों, आंगनवाड़ियों, विभिन्न विभागों में कार्यरत संविदा कार्मिकों, राजीविका स्वयं सहायता समूह की बहिनों सहित सभी वर्गों को इस योजना से जोड़ने के लिए कलेक्टर ने निर्देश दिए गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *