मौसम विभाग ने मंगलवार को मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र समेत देश के 20 राज्यों में आंधी और बारिश का अनुमान जताया है। महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में बिजली और झारखंड के कुछ इलाकों में ओले गिर सकते हैं। विभाग ने बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के अलावा असम, मणिपुर, मेघालय समेत सभी उत्तर-पूर्वी राज्यों में भी अगले पांच दिनों तक इसी तरह का मौसम रहने की संभावना जताई है। वहीं, राजस्थान में 19 अप्रैल तक हीटवेव की गंभीर स्थिति बनी रहेगी। बीते दिन बाड़मेर जिले का तापमान देश में सबसे ज्यादा 45.4 डिग्री दर्ज किया गया। विभाग ने गुजरात में भी 17 अप्रैल तक लू चलने की आशंका जताई है। वहीं, पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश में 16 से 18 अप्रैल तक लू चल सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ इलाकों का तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री या उससे भी ज्यादा रहा। वहीं, बिहार और झारखंड के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की वजह से तापमान सामान्य से कम रहा। यह कमी अलग-अलग इलाकों में 3 से 5 डिग्री तक रही। बीते दिन ज्यादातर राज्यों का तापमान 38 डिग्री से ज्यादा रहा दिल्ली में 3 दिन झुलसाएगी गर्मी, तापमान पहुंचेगा 42 डिग्री
गर्मी से मिली फौरी राहत के बाद दिल्ली में लू वापसी करने वाली है। मौसम विभाग ने बताया कि 16 से 18 अप्रैल तक तापमान में तीन से चार डिग्री की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। इस दौरान तापमान 40 से 42 डिग्री रह सकता है। इन तीन दिनों के लिए हीट वेव (लू) चलने की भी आशंका जताई है। बीते दिन शहर का तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री ज्यादा 37.8 डिग्री दर्ज किया गया। अब मंगलवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहने का अनुमान है। इस दौरान आसमान साफ रहेगा और 20-30 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अब राज्यों के मौसम का हाल… राजस्थान: फिर तेज गर्मी, पाकिस्तान से लगे इलाकों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का प्रभाव खत्म होने के साथ गर्मी फिर से तेज होने लगी है। रविवार को बाड़मेर, जैसलमेर, जालोर, जोधपुर, बीकानेर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। सबसे ज्यादा गर्मी बाड़मेर में रही। मौसम विभाग के अनुसार, 17 अप्रैल तक आधे से ज्यादा शहर हीटवेव की चपेट में आ सकते हैं। कुछ शहरों में पारा 46 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर जा सकता है। MP: पूर्वी हिस्से में बारिश, बाकी में तेज गर्मी; रीवा समेत 11 जिलों में आज बारिश-आंधी का अलर्ट मध्यप्रदेश के पूर्वी हिस्से के 11 जिलों में सोमवार को हल्की बारिश हो सकती है। इनमें रीवा, सतना, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, पन्ना, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर शामिल हैं। इसके बाद मौसम साफ हो जाएगा और गर्मी बढ़ेगी। 16-17 अप्रैल को कई जिलों में लू का अलर्ट है। पूरी खबर पढ़ें… छत्तीसगढ़: 7 जिलों में यलो अलर्ट: गरज-चमक के साथ पड़ेंगी बौछारें, 19 जिलों में बूंदाबांदी छत्तीसगढ़ के 7 जिले बेमेतरा, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोरबा, मुंगेली के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं 19 जिलों में बूंदाबांदी के आसार हैं। 2 दिन बाद पारा 2 डिग्री तक गिर सकता है। इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। पूरी खबर पढ़ें… UP: 27 जिलों में बारिश का अलर्ट, 24 घंटे में 5 डिग्री गिरा पारा, 20-30 की स्पीड से चलेगी हवा यूपी में मौसम में उलटफेर का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार को भी प्रदेश के 27 जिलों में बारिश होगी। साथ ही, कई जिलों में बिजली के साथ ओले भी गिरने की आशंका है। सोमवार सुबह पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बादल छाए हैं। 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल रहीं है। पूरी खबर पढ़ें… बिहार: आंधी-बारिश का अलर्ट, 13 शहरों में बूंदाबांदी के आसार; बिजली गिरने से 2 लोगों की मौत बिहार के 14 जिलों में आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से अगले 24 घंटे सतर्क रहने की अपील की है। वहीं, अगले 48 घंटे में प्रदेश के 13 जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान इन जिलों में 35kmph की रफ्तार से हवा चलेगी। बिहार में पिछले एक सप्ताह से मौसम बदला हुआ है। पूरी खबर पढ़ें… हरियाणा: 2 दिन मौसम साफ, गर्मी बढ़ी, रोहतक सबसे गर्म, पारा 38 डिग्री हरियाणा में 2 दिन तक मौसम साफ रहने की उम्मीद है। हालांकि पिछले दिनों हुई बारिश का असर मौसम पर जरूर देखने को मिलेगा। 14-15 अप्रैल को तापमान में भी बढ़ोतरी होगी। इसके बाद 16 अप्रैल से गर्मी फिर से अपना असर दिखाना शुरू कर देगी। पूरी खबर पढ़ें… पंजाब-चंडीगढ़: 16 अप्रैल से लू का यलो अलर्ट, 18 को कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना पंजाब और चंडीगढ़ में दो दिन हुई बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली थी। वहीं, अब फिर से मौसम बदलने वाला है। 16 अप्रैल से लोगों को तीन दिन तक लू का सामना करना पड़ सकता है। पिछले 24 घंटे में राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 1.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, हालांकि यह तापमान अभी भी सामान्य के करीब है। पूरी खबर पढ़ें… हिमाचल: कल से 4 दिन बारिश, 18-19 को ओलावृष्टि-तूफान की चेतावनी; कई शहरों का तापमान बढ़ा हिमाचल प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस दोबारा एक्टिव हो रहा है। इसका असर अगले 4 दिन नजर आएगा। मौसम विभाग के अनुसार, कल और परसों (16 व 17 अप्रैल) अधिक ऊंचाई वाले इलाकों बारिश के आसार हैं। मगर 18 और 19 अप्रैल को प्रदेश के ज्यादातर भागों में बारिश होगी। पूरी खबर पढ़ें…


