पिछले 5 दिन से बाड़मेर के किसान के खेत में क्रूड ऑयल का निकल रहा है। अब तक 60 से ज्यादा टैंकर भरकर क्रूड ऑयल को यहां से शिफ्ट किया जा चुका है। किसान को उसी के खेत में आने-जाने की मनाही है। हरजीराम कहते हैं- मैं कंपनियों के चक्कर में 3 मकान बदल चुका हूं। 5 दिन से मेरे खेत में क्रूड ऑयल निकल रहा है। कंपनी ने मेरा खेत रेड जोन घोषित कर दिया। कुल 6 बीघा जमीन है उस पर से 4 बीघा तो तेल ने खराब कर दी। 50 साल तक इसपर कोई फसल नहीं उग सकती। अब पढ़िए क्रूड ऑयल निकलने की पूरी कहानी… आधे खेत में काला तेल बिखरा था किसान हरजीराम कहते हैं- मैं हर साल अपने खेत में बाजरे की फसल लगाता हूं। 23 फरवरी की बात है, मुझे केयर्न वेदांता के सिक्योरिटी गार्ड ने सूचना दी कि तुम्हारे खेत से क्रूड ऑयल निकल रहा है। इसके बाद मैं वहां पहुंचा देखा तो 2 से 3 बीघा में काला तेल (क्रूड ऑयल) खेत में फैला हुआ था। इसके बाद करीब 1 घंटे बाद कंपनी के इंजीनियर और अधिकारी आ गए। उन्होंने कहा- जेसीबी मशीन लाने दो गड्ढा खोद देते हैं, नहीं तो ये क्रूड ऑइल सड़क तक फैल जाएगा। जमीन धंस रही, आवाजाही बंद हरजीराम कहते हैं- उन्होंने मुझे कहा कि इसका प्रेशर भी ज्यादा है, ऐसे में मैंने जेसीबी को अंदर आने दिया। इसके बाद जेसीबी से गड्ढा खोदा गया। इसके बाद कंपनी से टैंकर बुलाए गए और वैक्यूम से टैंकर भरकर ले जाने लगे। 5 दिन में करीब 60 से ज्यादा टैंकर भरकर दूसरी जगह ले जाया जा चुका है। क्रूड ऑयल निकलने के बाद कंपनी के अधिकारियों ने जेसीबी मशीन से खेत में फैले ऑयल पर रेत डाल दी। इसके बावजूद भी क्रूड ऑयल उस रेत से बाहर निकल रहा है। वहीं जमीन भी जगह-जगह जमीन धंस रही है। कंपनी ने दो सिक्योरिटी गार्ड लगाकर लोगों की आवाजाही बंद कर दी है। 50 साल तक खेती नहीं कर पाऊंगा हरजीराम कहते हैं- मेरी 6 बीघा जमीन है जिसमें 4 बीघा में क्रूड ऑयल बिखर गया है। पूरा 6 बीघा ही खराब हो गया। खेती के काम की नहीं रहेगी। खेत में ऑयल बिखरने के बाद 50 साल तक खेती नहीं हो सकती है। इसको कामयाब करने के लिए नई मिट्टी डालनी पड़ेगी या फिर खाद डालने पर फसल हो सकेगी। इसका खर्चा इतना ज्यादा है कि मैं वहन नहीं कर सकता। 3 मकान तो बदल चुका किसान हरजीराम का कहना है- मैंने यह केयर्न वेदांता के आने के बाद तीन बार मकान चेंज कर दिए हैं, अब ये चौथा मकान है। हमारे घरों के पास में 6 चिमनी लगी हुई है। यहां पर ब्लास्ट करने से घरों की दीवारों में कंपन होता है और दरारें भी आ गई है। ऐसे में, परिजनों की सलामती के लिए 3 घर छोड़ने पड़े। वहां पर रहने लायक नहीं है। मुआवजे को लेकर आश्वासन हरजीराम कहते हैं- कंपनी से अब तक खेत के मुआवजे को लेकर कोई बात नहीं हुई। अधिकारियों का कहना है कि लैंड की टीम को भेजेंगे, सर्वे करेंगे उसके बाद मुआवजा देंगे। तहसीलदार और पटवारी मौके पर आए हैं, उन्होंने बीच में मध्यस्थता कर मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा है- कंपनी को दो दिन का टाइम दो। क्रूड ऑयल का रिसाव रुकने दो इसके बाद कंपनी के साथ मीटिंग कराकर मुआवजा दे देंगे। कंपनी अधिकारी बोले- खेत रेड जोन में है किसान हरजीराम ने बताया- कंपनी के अधिकारियों ने मेरे खेत को रेड जोन बता दिया है। इस वजह से खुद के कब्जे में ले लिया है। मैं खुद ही अपने खेत में नहीं जा पा रहा हूं। — क्रूड ऑयल निकलने से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… बाड़मेर में जमीन से निकल रहा क्रूड ऑयल:अब तक 55 से ज्यादा टैंकर भर चुके; ब्लास्ट से मकान-स्कूल में आईं दरारें बाड़मेर में एक खेत में जमीन से क्रूड ऑयल निकल रहा है। पिछले 4 दिन से निकल रहे क्रूड ऑयल को एक गड्डे में भरा जा रहा है, जिससे अब तक 55 से ज्यादा टैंकर भरे जा चुके हैं। पढ़ें पूरी खबर


