राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े आज सोमवार को चित्तौड़गढ़ दौरे पर रहे। उन्होंने सबसे पहले श्री सांवलिया मंदिर में सांवरा सेठ के दर्शन किए। उसके बाद चित्तौड़गढ़ दुर्ग पहुंचकर भ्रमण किया। इसके बाद उन्होंने जिलास्तर के अधिकारियों की मीटिंग ली। चित्तौड़ में पहली बार ऐसा हुआ है कि गवर्नर ने अधिकारियों की मीटिंग ली हो। राज्यपाल के आने से पहले पूरा कलेक्ट्रेट सजाया गया। श्री सांवलिया जी मंदिर और कलेक्ट्रेट में बैंड-बाजे के साथ उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान प्रशासन और पुलिस की ओर से सारी व्यवस्थाएं बहुत अच्छी रही। बैंड बाजे के साथ दिया गार्ड ऑफ ऑनर राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे सड़क मार्ग से होते हुए चित्तौड़गढ़ के मंडफिया स्थित श्री सांवलिया जी मंदिर पहुंचे। वहां उनका भव्य तरीके से स्वागत किया गया। उन्होंने सांवरा सेठ के दर्शन किए। उन्हें सांवरा सेठ की तस्वीर भी भेंट की गई। वहां भी बैंड बाजे के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। मंदिर ने भी अधिकारियों के साथ मंदिर मंडल के अध्यक्ष भैरूलाल गुर्जर और सदस्य मौजूद थे। इसके बाद सड़क मार्ग से ही वे चित्तौड़गढ़ पहुंचे। यहां सर्किट हाउस में थोड़ी देर रेस्ट करने के बाद वे दुर्ग भ्रमण के लिए गए। दुर्ग पर भी इस दौरान व्यवस्थाएं चाक चौबंद रही। आने वाले पर्यटकों को भी इस दौरान कोई प्रॉब्लम नहीं हुई। राज्यपाल बागडे भी पर्यटकों से बातचीत करते हुए नजर आए। उनके साथ जिला कलेक्टर आलोक रंजन, एसपी सुधीर जोशी, एसडीएम बीनू देवल सहित कई अधिकारी और पुलिस मौके पर रहे। अधिकारियों से ली जिले में किए जा रहे कामों की डिटेल दुर्ग भ्रमण के बाद वे जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने अधिकारियों की मीटिंग ली। चित्तौड़गढ़ में पहली बार हुआ कि राज्यपाल ने अधिकारियों की मीटिंग ली। राज्यपाल ने विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों को आर्थिक रूप से संबल प्रदान कराने और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने को लेकर जिला स्तर पर किए जा रहे अलग-अलग कोशिशों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसी भी वस्तु का उत्पादन करना आसान होता है लेकिन इसकी मार्केटिंग भी उतनी ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों को स्थानीय और अन्य स्तर पर पर्याप्त मार्केटिंग कराने के अधिकारी कोशिश करें ताकि उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो सके। उन्होंने जिले में चिकित्सा सेवाओं की समीक्षा भी की। उन्होंने मेडिकल कॉलेज और स्थानीय स्तर पर तैयार होने वाले डॉक्टरों के स्थानीय स्तर पर सेवाएं देने के कोशिश करने को कहा। पीएम आवास के नवाचार को सहारा राज्यपाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण और शहरी में वंचितों को लाभ देने एवं अब तक की स्थिति की डिटेल में जानकारी ली। जिला प्रशासन द्वारा धनतेरस पर स्वीकृत आवासों का शिलान्यास करने के नवाचार को सराहा। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लखपति दीदी बनाने के लिए किए जा रहे जिला स्तरीय प्रयासों की जानकारी जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने ली। राज्यपाल ने बैठक में केंद्र प्रायोजित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों में बेटी बचाओ – बेटी पढ़ाओ, राइजिंग राजस्थान, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, ऊर्जा विभाग की पीएम सूर्य घर योजना एवं कुसुम योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, दीनदयाल अंत्योदय योजना सहित विभिन्न योजनाओं को जिला स्तर और ग्रामीण स्तर पर क्रियान्वयन को लेकर जानकारी ली। बैठक में राज्यपाल ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत जिला स्तर पर लगाए गए पेड़ों और उनकी सुरक्षा की जानकारी ली। बैठक में जिला कलक्टर आलोक रंजन ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से दी और जिले में हुए अलग-अलग नवाचारों और प्रोग्राम्स की जानकारी दी। बैठक में जिला कलक्टर ने राजीविका द्वारा तैयार बैग देकर राज्यपाल का स्वागत किया। सुरक्षा के थे पुख्ता इंतजाम इस दौरान जिला कलेक्ट्रेट को भी पूरा सजाया गया। डीआरडी हॉल को फूलों से सजाया गया। जाते समय भी बैंड बाजे के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। राज्यपाल ने भी व्यवस्थाओं को देखकर खुश हुए। जिला कलेक्ट्रेट में सुरक्षा के सभी इंतजाम किया हुआ था। इस दौरान जिला कलेक्टर आलोक रंजन, एसपी सुधीर जोशी सहित सभी अधिकारी और पुलिस मौजूद रहे।


