राजस्थान में सोमवार को बाड़मेर में दिन का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। पश्चिम के कुछ जिलों में दोपहर में तेज गर्मी के बीच गर्म हवा चली। जोधपुर, जैसलमेर, फलोदी, चित्तौड़गढ़ में पारा 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में अगले एक सप्ताह में गर्मी और तेज होने का अनुमान जताते हुए तापमान में 2 डिग्री तक की बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है। पिछले 24 घंटे का मौसम देखें तो राजस्थान के सभी शहरों में आसमान साफ रहा। बाड़मेर में दिन का सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर के एरिया में दिन में तेज धूप के बीच हल्की गर्म हवा चली। आगे और बढ़ेगा पारा, तेज गर्मी होगी मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, प्रदेश में अगले कुछ दिन में गर्मी और तेज होगी। तापमान में 2 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। वातावरण में ह्यूमिडिटी लेवल 40 से नीचे आने के कारण दिन में तेज गर्मी के साथ-साथ सुबह-शाम और रात में भी गर्मी बढ़ने लगी है। रात में कई शहरों का न्यूनतम तापमान अब 18 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हो रहा है।


