नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर विधानसभा के बजट सत्र से जुड़ी है। शून्यकाल के दौरान कांग्रेस विधायक ने अभद्र इशारा किया। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें 1. विधानसभा में कांग्रेस विधायक ने किया अभद्र इशारा, कैमरे में हुए कैद विधानसभा में गुरुवार को कांग्रेस विधायक रोहित बोहरा अभद्र इशारा करते हुए कैमरे में कैद हो गए। शून्यकाल के दौरान कांग्रेस विधायक हरिमोहन शर्मा विधायकों को सरकारी कार्यक्रमों के लोकार्पण शिलान्यास का मुद्दा उठा रहे थे। रोहित बोहरा उनके पीछे बैठे थे। इस दौरान बोहरा ने किसी विधायक को हाथ जोड़कर अभिवादन किया। थोड़ी ही देर में उन्होंने हंसते हुए हाथ से अभद्र इशारा किया। पूरी खबर पढ़ें 2. सीकर में सूटकेस में ब्लास्ट, गणेश्वर तीर्थ धाम के कुंड में फेंका था सीकर के गणेश्वर तीर्थ धाम पर गुरुवार को कुंड में फेंके गए सूटकेस में धमाका हो गया। घटना के वक्त कुंड परिसर में जीर्णोद्धार का कार्य चल रहा था। घटना नीमकाथाना इलाके में गुरुवार दोपहर 2:10 बजे हुई। मजदूर सुरेश ने बताया- कुंड के पास निर्माण कार्य कर रहे थे। इसी दौरान दो लोग हाथ में सूटकेस व नारियल की थैली लेकर आए और कुंड में फेंक दिया। पूरी खबर पढ़ें 3. मेवाड़ यूनिवर्सिटी के 30 कश्मीरी समेत 33 नर्सिंग स्टूडेंट्स सस्पेंड
चित्तौड़गढ़ की मेवाड़ यूनिवर्सिटी में B.Sc. नर्सिंग फाइनल ईयर के 30 कश्मीरी सहित 33 स्टूडेंट्स को सस्पेंड कर दिया गया। स्टूडेंट्स धरने पर बैठे हैं। स्टूडेंट्स का आरोप है कि यूनिवर्सिटी ने B.Sc. नर्सिंग कोर्स के लिए राजस्थान नर्सिंग काउंसिल और इंडियन नर्सिंग काउंसिल से मान्यता नहीं ली है। मान्यता के बिना उनकी डिग्री वैध नहीं मानी जाएगी। पूरी खबर पढ़ें 4. खुदाई में निकली चांदी जैसी धातु लूटने पहुंचे लोग
अलवर में बोरवेल करते समय चांदी जैसी धातु के टुकड़े निकले। ये देखकर बोरवेल करने वाले मजदूर ही पत्थर लूटने लगे। इसके बाद आसपास के दुकानदार और लोग भी धातु के टुकडे़ ले गए। मामला अल्कापुरी इलाके में गुरुवार को करीब दोपहर 1:30 बजे का है। यह बोरवेल जलदाय विभाग की ओर से करवाया जा रहा है। पूरी खबर पढ़ें 5. डॉक्टर को दिखाने से पहले ही तीन भाई-बहनों की मौत
कोटा-भीलवाड़ा नेशनल हाईवे-27 पर बाइक सवार परिवार को ट्रेलर ने रौंद दिया। हादसे में 2 भाई, एक बहन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पिता गंभीर रूप से घायल हैं। एक ही बाइक पर चारों लोग सवार थे। वे डॉक्टर को दिखाने जा रहे थे। घटना बूंदी के डाबी इलाके में हुई। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें 6. रणथंभौर में टाइगर को देख पर्यटकों ने गाड़ियां पीछे हटाई
सवाई माधोपुर के रणथंभौर टाइगर रिजर्व में टाइगर को आता देखकर पर्यटकों ने गाड़ियों को पीछे कर लिया। करीब 30 मिनट तक टाइगर त्रिनेत्र गणेश मंदिर मार्ग पर घूमता रहा। इस दौरान पर्यटकों को रोक लिया गया। टाइगर के रास्ते से हटने के बाद पर्यटकों और अन्य लोगों की गाड़ियां निकली। पूरी खबर पढ़ें 7. सुबह कॉन्स्टेबल का फिजिकल टेस्ट पास किया, रात में मौत
कोटपूतली-बहरोड़ जिले में एक्सीडेंट में दो भाइयों की मौत हो गई। इनमें एक युवक हरियाणा के हिसार से BSF कॉन्स्टेबल का फिजिकल टेस्ट पास कर मामा के बेटे के साथ घर लौट रहा था। ओवरस्पीड के कारण घर के नजदीक ही उनकी बाइक स्लिप हो गई थी। हादसा बुधवार रात 9 बजे मांढण थाना क्षेत्र में हुआ। घटना का सीसीटीवी आज सामने आया है। पूरी खबर पढ़ें 8. दूल्हे के पिता ने लौटाए दहेज में मिल रहे 31 लाख
कोटपूतली-बहरोड़ जिले में दूल्हे के पिता ने दहेज में मिल रहे 31 लाख रुपए लौटा दिए। दरअसल, बानसूर क्षेत्र के बिलाली गांव में शादी के दौरान दुल्हन के पिता ने 31 लाख रुपए देने की पेशकश की। दूल्हे और उसके पिता ने इसे लेने से मना कर दिया। दूल्हे के पिता ने कहा- आपने अपनी बेटी हमें दी है। वही हमारे लिए सबसे बड़ा दहेज है। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है 9. नेत्रहीन मां को कांवड़ में बैठाकर मंदिर लेकर गए बेटे
भीलवाड़ा के आसींद में बेटों ने 80 साल की नेत्रहीन मां को कांवड़ में बैठाकर 15 किमी पैदल यात्रा की। वे मां को सागनी गांव स्थित आंजना देव मंदिर लेकर गए। दरअसल, सोहनी देवी की आंखों की रोशनी 5 साल पहले चली गई थी। उनकी लंबे समय से आंजना देव मंदिर जाने की इच्छा थी। पूरी खबर पढ़ें कल क्या है खास 10. जयपुर पहुंचेगा देश का सबसे बड़ा थिएटर फेस्टिवल भारत सरकार की ओर से आयोजित विश्व के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय रंग महोत्सव 25वें भारत रंग महोत्सव 2026 का जयपुर एडिशन 13 फरवरी से राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में शुरू होगा।


