नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर डीडवाना-कुचामन जिले के नावां से है। यहां नमक से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली बाइक सवार 2 युवकों पर पलट गई। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें
1. राजस्थान के युवक की ईरान के हमले में मौत
अमेरिका-इजराइल और ईरान की वॉर में राजस्थान के एक युवक की मौत हो गई। नागौर जिले का रहने वाला दलीप क्रूड ऑयल कंपनी के शिप पर जॉब करता था। 1 मार्च की सुबह ओमान के एक पोर्ट पर ईरान की मिसाइल उनके जहाज पर गिरी थी। हादसे में शिप पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। पूरी खबर पढ़ें 2. बोर्ड-आयोगों में राजनीतिक नियुक्ति अब 2 महीने बाद
प्रदेश में भाजपा नेताओं का राजनीतिक नियुक्तियों का इंतजार और बढ़ गया है। पहले साल 2026 की शुरुआत में बोर्ड-आयोग में नियुक्तियों की उम्मीद थी, लेकिन वह समय भी निकल गया है। अब पंचायत चुनाव के चलते अगले 2 महीने तक किसी तरह की नियुक्तियां नहीं हो पाएगी। पूरी खबर पढ़ें 3. इतिहास में पहली बार 12वीं से पहले 10वीं का रिजल्ट
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से 10वीं का रिजल्ट इसी महीने घोषित किया जाएगा। 20 मार्च से पहले रिजल्ट जारी करने की तैयारी है। अगर ऐसा होता है तो पहली बार होगा कि 10वीं का रिजल्ट 12वीं के रिजल्ट से पहले जारी होगा। मार्च में रिजल्ट आना भी बोर्ड इतिहास में पहली बार होगा। पूरी खबर पढ़ें 4. पिता-बेटी पर फायरिंग का आरोपी बीजेपी नेता अरेस्ट
कोटा में पिता-पुत्री पर फायरिंग और हमले के आरोपी बीजेपी नेता प्रभात कश्यप को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। खुद को राजनीतिक कार्यकर्ता और प्रॉपर्टी डीलर बताने वाला प्रभात कश्यप लंबे समय से जमीन से जुड़े विवादों में सक्रिय रहा है। पूरी खबर पढ़ें 5. होली पर सनी लियोनी की परफॉर्मेंस,भीड़ ने बैरिकेड्स तोड़े
प्रदेश के अधिकतर जिलों में आज धुलंडी मनाई गई। जयपुर में फन किंगडम में बॉलीवुड एक्ट्रेस सनी लियोनी होली खेलने पहुंचीं। इस दौरान स्टेज तक पहुंचने की कोशिश में भीड़ ने बैरिकेड्स तोड़ दिए। जोधपुर में एक-दूसरे पर टमाटर फेंक कर होली खेली। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. बाइक पर पलटी नमक से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, 2 की मौत
डीडवाना-कुचामन जिले के नावां में भिड़ंत के बाद नमक से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली बाइक सवार 2 युवकों पर पलट गई। हादसे में पंचायत सहायक समेत 2 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। पूरी खबर पढ़ें 7. कमरे में सो रही महिला जिंदा जली
दौसा जिले के लालसोट में कमरे में सो रही महिला जिंदा जल गई। कमरे में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। परिवार के सदस्यों को आग लगने का पता चला तो उन्होंने कमरे का दरवाजा खोलकर पानी डाला और आग पर काबू पाया। पूरी खबर पढ़ें 8. चांदी के रथ पर सवार हुए सांवलिया सेठ
चित्तौड़गढ़ जिले के प्रसिद्ध श्री सांवलिया जी मंदिर में आज होली का पर्व बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। राजभोग आरती के बाद सांवलिया सेठ चांदी के रथ में नगर भ्रमण पर निकले। ठाकुर जी कस्बे में जहां-जहां से निकले, वहां भक्तों के साथ होली खेली। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. बकरी के दूध से बन रहा हर्बल साबुन
बांसवाड़ा में महिलाओं का समूह 9 तरह के हर्बल साबुन बना रहा है। इसमें बकरी के दूध से बने हर्बल साबुन की डिमांड सबसे ज्यादा है। प्राकृतिक तत्वों से तैयार यह साबुन किफायती दाम में उपलब्ध है और बाजार में तेजी से अपनी पहचान बना रहा है। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. विधानसभा में दो बिल पारित होंगे
विधानसभा का बजट सत्र गुरुवार से फिर शुरू होने वाला है। इस दौरान राजस्थान जन विश्वास (उपबंधों का संशोधन) विधेयक और राजस्थान दुकान और वाणिज्यिक अधिष्ठान (संशोधन) विधेयक बहस के बाद पारित किए जाएंगे।


