नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर जयपुर से है। यहां एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट की दूसरी कोशिश में लैंडिंग हो पाई। इस दौरान 147 लोगों की सांसें अटकी रहीं। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें
1. जयपुर एयरपोर्ट पर रनवे टच कर फिर उड़ी फ्लाइट
जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गुरुवार को मुंबई से आई एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट पहली कोशिश में लैंड नहीं हो पाई। करीब 12 मिनट बाद दूसरी कोशिश में फ्लाइट की लैंडिंग हुई। इस दौरान फ्लाइट में 147 पैसेंजर्स की सांसें अटकी रहीं। पूरी खबर पढ़ें 2. गलत पट्टों के मामले में RAS समेत 4 कर्मचारी एपीओ
विधानसभा में UDH मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने नियम विरुद्ध पट्टे जारी करने के मामले में अजमेर नगर निगम की डिप्टी कमिश्नर सहित 4 कर्मचारियों को APO करने की घोषणा की है। निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी के ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जवाब में खर्रा ने कहा- 6 महीने में जारी किए गए सभी पट्टों की जांच होगी। पूरी खबर पढ़ें 3. एडीजे की पत्नी की ट्रेन के टॉयलेट में हार्टअटैक से मौत
चित्तौड़गढ़ के निंबाहेड़ा के एडीजे राजकुमार चौहान की पत्नी की ट्रेन के टॉयलेट में हार्ट अटैक से मौत हो गई। उनका शव ट्रेन के टॉयलेट में मिला। एडीजे और उनकी पत्नी उषा अपने घर जोधपुर से चित्तौड़गढ़ जाने के लिए काचीगुड़ा-भगत की कोठी एक्सप्रेस में अलग-अलग कोच में बैठे थे। पूरी खबर पढ़ें 4. कागज के डिब्बे में रखकर नवजात को खेत में फेंका
करौली में 12 घंटे पहले जन्मे बच्चे को कागज के डिब्बे में रखकर सरसों के खेत में फेंक दिया गया। सड़क से गुजर रहे किसान को बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। उसने खेत के अंदर जाकर देखा तो कार्टन में बच्चा कपड़े से लिपटा हुआ था। उसके सिर पर चोट और हाथ पर खरोंच लगी थी। पूरी खबर पढ़ें 5. दुबई में फंसे जोधपुर के 120 लोग लौटे
अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी युद्ध के कारण दुबई में फंसे जोधपुर के 120 लोग गुरुवार को सकुशल लौट आए। ये सभी लोग कथावाचक संत अमृतराम महाराज के साथ कथा सुनने गए थे। जोधपुर आने पर लोगों ने कहा- 28 फरवरी को ब्लास्ट के बाद डर गए थे। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. कार की तरफ बढ़ा टाइगर, पर्यटकों की सांसें अटकी
रणथंभौर में त्रिनेत्र गणेश मंदिर में दर्शन करने जा रहे पर्यटकों की गाड़ियों के आगे अचानक टाइगर आ गया। पर्यटकों की गाड़ियां जहां की तहां खड़ी हो गईं। करीब आधे घंटे तक वह टहलता रहा। टाइगर एक कार की तरफ बढ़ा तो टूरिस्ट के पसीने छूट गए। पूरी खबर पढ़ें 7. जोधपुर-नागौर और बीकानेर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी
नागौर, मेड़ता, बीकानेर और जोधपुर ग्रामीण कोर्ट को गुरुवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी भरे मेल में दोपहर 2 बजे 14 साइनाइड बम ब्लास्ट की बात लिखी थी। पुलिस ने कोर्ट परिसर को खाली करवाकर तलाशी शुरू की। जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पूरी खबर पढ़ें 8. तेज रफ्तार टेंपो पलटा, उछलकर दूर गिरे लोग
अलवर जिले में जिंदोली की घाटी के पास तेज रफ्तार टेंपो पलट गया। टेंपों में बैठे करीब 8 से 10 लोग दूर जाकर गिरे। सभी को एंबुलेंस की मदद से हॉस्पिटल पहुंचाया गया। हादसे में घायल एक बच्चे को CPR देकर बचाया, जबकि 2 गंभीर घायलों को जयपुर रेफर कर दिया गया। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. घाघरा-लूगड़ी पहनकर पुलिसकर्मी ने किया डांस
अजमेर, कोटा समेत प्रदेश के कई जिलों में गुरुवार को पुलिसकर्मियों ने होली खेली। अजमेर में एसपी वंदिता राणा काला चश्मा लगाकर होली खेलने पहुंचीं। डीग पुलिस लाइन में हेड कॉन्स्टेबल अतर सिंह ने घाघरा-लूगड़ी पहनकर साथी जवानों के साथ डीजे की धुनों पर डांस किया। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. जैन समाज के चादर महोत्सव के लिए पूरा शहर बुक
जैसलमेर में 6 से 8 मार्च तक होने वाले जैन समाज के चादर महोत्सव में देश-विदेश से 25 हजार श्रद्धालु आएंगे। इसके लिए शहर के सभी 300 होटल बुक किए गए हैं। कार्यक्रम में RSS प्रमुख मोहन भागवत भी शामिल होंगे। पूरी खबर पढ़ें


