राजस्थान में गर्मी लगातार तेज हो रही है। गुरुवार को राज्य के 15 से ज्यादा शहरों का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। भीलवाड़ा, अलवर, पिलानी, कोटा समेत अन्य शहरों के दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में अगले दो सप्ताह का पूर्वानुमान जारी करते हुए तापमान बढ़ने से गर्मी तेज होने और कुछ हिस्सों में हीटवेव चलने का अनुमान जताया है। साथ ही अगले एक सप्ताह में मौसम बिल्कुल साफ रहने की संभावना जताई है। पिछले 24 घंटे में आसमान साफ रहा। राज्य में सुबह से तेज धूप रहने के साथ दिनभर तेज गर्मी रही। उदयपुर, श्रीगंगानगर, पिलानी, फलोदी, कोटा, जोधपुर, जैसलमेर, चूरू, चित्तौड़गढ़, बीकानेर, बाड़मेर में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। बीकानेर, हनुमानगढ़, जयपुर, जालौर, जोधपुर और फलोदी को छोड़कर शेष सभी स्थानों पर न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। अलवर, बारां, भीलवाड़ा, करौली, सिरोही में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया। अब आगे क्या? मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में अगले एक सप्ताह में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी होने का अनुमान जताया है। इस दौरान प्रदेश में आसमान साफ रहेगा और तेज धूप के साथ पश्चिमी जिलों में दिन में हल्की गर्म हवां चलने की संभावना है। वहीं, अरब सागर में बने एंटी साइक्लोन से दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री तक ऊपर रहने और 8-10 मार्च के दौरान कहीं-कहीं अधिकतम तापमान 40 डिग्री दर्ज होने की प्रबल संभावना है।


