राजस्थान में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हुई बैठक:संवेदनशील और भीड़भाड़ वाली जगहों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए

मुख्य सचिव सुधांश पंत ने शनिवार देर रात राजस्थान की कानून व्यवस्था को लेकर बैठक ली। बैठक में उन्होंने निर्देश दिया कि प्रदेश में हर हाल में लॉ एंड ऑर्डर बना रहे। बैठक में राज्य के डीजीपी यूआर साहू समेत, पुलिस महानिदेशक संजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विशाल बंसल शामिल हुए। बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने संभागीय आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक को अपने संभाग, रेंज व जिलों की नियमित मानिटरिंग के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिला कलेक्टर और पुलिस अधिक्षकों को प्रति दिन जिला पुलिस कंट्रोल रूप से सोशल मीडिया की मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए। कानून एवं शांति व्यवस्था के बारे में फीडबैक लिया मुख्य सचिव ने शासन सचिवालय में सभी जिलों से कानून एवं शांति व्यवस्था के बारे में फीडबैक लिया। उन्होंने कहा- पहलगाम में हुई घटना किसी भी रूप में राज्य में सांप्रदायिक तनाव का रूप न ले। इसके लिए उन्होंने सभी पुलिस थानों को नियमित सीएलजी और शान्ति समितियों की बैठक लेकर संदिग्ध व्यक्तियों, स्थानों, भ्रामक और साम्प्रदायिक तनाव भड़काने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उन पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समस्त जिला मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधीक्षक अविलंब जिले के समस्त उपखण्ड मजिस्ट्रेट, वृताधिकारी पुलिस, तहसीलदारों, थानाधिकारियों की वीसी के माध्यम से बैठक आयोजित कर विशेष सतर्कता एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने बाबत् आवश्यक निर्देश प्रदान करें। पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा के सम्बन्ध में निर्देशों की समय सीमा में पालना करें मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा के सम्बन्ध में भारत सरकार की ओर से जारी निर्देशों की समय सीमा में पालना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा सशस्त्र बलों के मूवमेन्ट व सुरक्षा बलों के ऑपरेशन्स की लाइव कवरेज न करने के सम्बन्ध में जारी मीडिया एडवाइजरी की पालना की जाए। बैठक में गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आनन्द कुमार ने कहा- प्रदेश में शांति व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैदी से कार्य करें। उन्होंने सीमावर्ती जिलों में नाकाबंदी और पुलिस गश्त को अधिक सशक्त बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा- महत्वपूर्ण स्थानों, मुख्य बाजार, पर्यटन स्थलों, धार्मिक स्थलों, हवाई-अड्डों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं संवेदनशील/भीड़भाड़ वाले अन्य स्थानों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस महानिदेशक यूआर साहू ने कहा कि प्रत्येक स्तर पर संवाद कायम रहें और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों पर पुलिस सख्ती से कार्रवाई करें। उन्होंने सीमावर्ती जिलों में स्थित पुलिस थानों को ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बंद के दौरान शांति व्यवस्था बनाये रखने और अशांति फैलाने वाले तत्वों पर नजर रखने के निर्देश दिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *