ओडिशा के पुरी की तर्ज पर राजस्थान के टोंक में भव्य जगन्नाथ मंदिर बनेगा। पुरी के मुख्य पुजारी इसके लिए महाप्रभु की मूर्ति लेकर आएंगे और विधि-विधान से स्थापित करेंगे। शुक्रवार को पहली बार राजस्थान आए जगन्नाथ मंदिर पुरी के मुख्य पुजारी दैतापति भभानी दास महाराज ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि टोंक में भगवान जगन्नाथ का भव्य मंदिर बनेगा और वे स्वयं भगवान को यहां विराजमान करेंगे, जिससे जो श्रद्धालु पुरी नहीं जा पाते, उन्हें टोंक में ही दर्शन का सौभाग्य मिल सके। उन्होंने कहा कि वे प्राचीन दैता सेवायत परंपरा से जुड़े हैं, जिसका सीधा संबंध भगवान जगन्नाथ की सेवा से है। उनका उद्देश्य है कि जगन्नाथ भगवान हर स्थान पर विराजें और सबका कल्याण करें। उन्होंने उद्योगपतियों को राष्ट्र का एक मजबूत स्तंभ बताते हुए कहा कि प्रभु की कृपा के बिना प्रगति संभव नहीं है। मंदिर निर्माण के लिए सीएम से भी मांगा है सहयोग
इस मौके पर जगन्नाथ भगवान मंदिर चेरिटेबल ट्रस्ट की कोर कमेटी के सदस्य ओपी राजपुरोहित ने बताया कि मंदिर निर्माण के लिए राज्य सरकार से भी सहयोग मांगा गया है। इस संबंध में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर भूमि उपलब्ध कराने की मांग की है, जिस पर हर संभव मदद का आश्वासन मिला है। मंदिर निर्माण के लिए सांभरलेक क्षेत्र में भी संभावित भूमि देखी गई है, जहां एक गोशाला संचालक द्वारा करीब 100 बीघा जमीन देने की बात कही गई है। टोंक में मंदिर का क्षेत्रफल और निर्माण लागत जमीन की उपलब्धता के अनुसार तय की जाएगी। 21 कारोबारियों को ‘उद्योग रत्न’ सम्मान
टोंक चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा जिले के 21 कारोबारियों को ‘उद्योग रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि दैतापति भभानी दास महाराज थे। सम्मानित होने वालों में राजीव बंसल, मोइनुद्दीन निजाम, बी.एल. जैन (डायरेक्टर, स्वास्तिक लिफ्ट एंड शिफ्ट प्रा. लि.), ओपी गुप्ता (एसजीजी सीमेंट प्रोडक्ट प्रा. लि.), बाबूलाल शर्मा (डायरेक्टर, सेंट सोल्जर एजुकेशन ग्रुप), मोहित मंगल (आदर्श स्कूल, देवली) सहित कई प्रमुख नाम शामिल रहे। कार्यक्रम में कोटा स्मॉल स्केल इंडस्ट्रीज के आगामी अध्यक्ष दीपक मेहता और ओपी राजपुरोहित विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर राजीव सिंहल, सुनील बंसल, नरेश बंसल समेत अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद थे। समारोह में समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए रोटरी क्लब टोंक और इनर व्हील क्लब टोंक को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा श्री व्यापार महासंघ के अध्यक्ष मनीष बंसल, श्री सर्राफा संघ के अध्यक्ष अतुल गर्ग और मंडी आढ़तिया व्यापार संघ के अध्यक्ष भागचंद जैन को भी ट्रॉफी प्रदान की गई।


