प्रदेश के सभी स्कूलों में 28 फरवरी को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप का राज्य रोहण दिवस मनाया जाएगा। इसको लेकर शिक्षा विभाग ने सभी विद्यालयों को निर्देश जारी कर दिए हैं। शिक्षा विभाग के अनुसार कक्षा 5, 8,10 एवं 12 के बोर्ड परीक्षा कार्यक्रमों को प्रभावित किए बिना यह आयोजन होगा। महाराणा प्रताप राज्यारोहण दिवस का आयोजन राज्य के सभी सरकारी गैर सरकारी विद्यालयों में 28 फरवरी को किया जाएगा। ताकि बच्चों को महाराणा प्रताप के जीवन को आत्मसात करने की प्रेरणा मिल सके। सभी स्कूलों में होगा आयोजन शिक्षा मंत्री मदन दिलवार ने वीडियो बयान जारी कर कहा कि महाराणा प्रताप का राज्यारोहण दिवस सभी स्कूलों में 28 फरवरी को मनाया जाएगा। अभी एग्जाम चल रहे हैं। इस कारण जिस ताकत से मनाना चाह रहे थे, उसे ताकत से कार्यक्रम नहीं हो पाएगा। प्रार्थना सभा के समय महाराणा प्रताप की जीवन के बारे में स्कूल टीचर बच्चों को जानकारी देंगे। इस दिन प्रार्थना सभा में महाराणा प्रताप की जीवनी पर प्रेरक प्रसंग, देशभक्ति गीत सहित अन्य आयोजन कराया जाना सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही महाराणा प्रताप जी के जीवन पर आधारित निबंध, प्रश्नोत्तरी, पोस्ट, वाद विवाद प्रतियोगिता व गतिविधियों का आयोजन स्कूल स्तर पर कराए जाएंगे। ताकि विद्यार्थी महाराणा प्रताप की जीवन से प्रेरणा ले सकें। बोर्ड परीक्षाएं नहीं होंगी प्रभावित उक्त गतिविधियों में कक्षा 3,4,6,7,9 एवं 11 के विद्यार्थियों को ही शामिल किया जाएगा। गतिविधियों का आयोजन इस प्रकार किया जाएगा। जिससे कि बोर्ड परीक्षा कार्यक्रम एवं बोर्ड परीक्षा ड्यूटी में लगे शिक्षक प्रभावित नहीं हो। जनप्रतिनिधि और लोगों ने की थी मांग बता दें चित्तौड़गढ़ जिले में आयोजित राष्ट्रीय स्वदेशी मेले में स्थानीय निवासियों एवं जनप्रतिनिधियों ने चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी के नेतृत्व में शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर से राज्य के विद्यालयों में महाराणा प्रताप के जीवन से प्रेरणा लेने के लिए राज्यारोहण दिवस मनाया जाने की मांग की थी। जिस पर शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने सांसद सीपी जोशी की मांग से सहमति जताते हुए राज्यरोहण दिवस मनाने की घोषणा की थी।


