राजस्थान में सुबह-शाम के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। दिन में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज हो रहा है तो न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से नीचे दर्ज हो रहा है। जोधपुर, चूरू, सीकर समेत 13 शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। इधर, बीकानेर में स्कूलों का समय फिर से बदला गया है। प्रदेश में बुधवार को सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान बाड़मेर में 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा का कहना है- राज्य में अगले 4-5 दिन में धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी होने लगेगी। कुछ शहरों में अधिकतम तापमान में 3 से लेकर 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। साथ ही 26 अप्रैल को एक कमजोर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर जयपुर, भरतपुर, दौसा, अलवर, करौली के आसपास देखने को मिल सकता है। रात का तापमान 20 डिग्री से नीचे आया
राजधानी जयपुर में आज दिनभर आसमान साफ रहा। तेज धूप रही। दोपहर में हल्की गति से गर्म हवा चली। जयपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। बीती रात (मंगलवार) कई शहरों के न्यूनतम तापमान में गिरावट हुई। बीकानेर में डेढ़ घंटे बढ़ाया स्कूलों का समय बीकानेर में भीषण गर्मी और लू को देखते हुए कलेक्टर ने स्कूलों का समय बदलने के आदेश जारी किए हैं। जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में प्री-प्राइमरी से आठवीं क्लास तक के स्टूडेंट्स के लिए समय सुबह 7:30 से दोपहर 12:30 बजे तक रहेगा। पहले इनका समय सुबह 7:30 से 11 बजे तक था। कक्षा 9 से 12 तक के स्टूडेंट्स का समय पहले जैसा ही रहेगा। आदेश नहीं मानने पर कार्रवाई की जाएगी। 26 अप्रैल से बदल सकता है मौसम मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- 26 अप्रैल को एक कमजोर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आने की संभावना है। इस सिस्टम का आंशिक रूप से असर जयपुर, भरतपुर संभाग में देखने को मिल सकता है। 26 अप्रैल को अलवर, जयपुर, दौसा, भरतपुर, करौली और धौलपुर में दोपहर बाद कहीं-कहीं धूलभरी आंधी चल सकती है और आसमान में बादल छाने के साथ कुछ जगह बूंदाबांदी होने की संभावना है।


