अंतरराष्ट्रीय बाजार में शुरू हुई उठापटक का असर सोने और चांदी की कीमत पर नजर आने लगा है। शुक्रवार को 80 हजार रुपए पर कर गई स्टैंडर्ड सोने की कीमत में एक हजार रुपए की गिरावट आई है। वहीं चांदी प्रति किलो की कीमत 3600 रुपए टूटकर महज 92 हजार 700 रुपए पर पहुंच गई है। सर्राफा व्यापारियों के अनुसार आने वाले दिनों में सोने और चांदी की कीमत में एक बार फिर बढ़ोतरी की संभावना है। जयपुर सर्राफा एसोसिएशन के राकेश खंडेलवाल ने बताया कि फिलहाल सोने और चांदी की कीमत में लगातार बदलाव हो रहा है। भारतीय बाजार में डिमांड बढ़ने की वजह से जहां सोने की कीमत में तेजी का दौर जारी था। वहीं आज अंतर्राष्ट्रीय बाजार में हुई गिरावट के बाद सोने और चांदी दोनों की कीमत में मामूली गिरावट हुई है। ऐसे में अगले एक सप्ताह तक सोने और चांदी की कीमत में बदलाव का दौड़ जारी रहेगा। इस दौरान सोने की कीमत एक बार फिर 80 हजार रुपए को पार कर सकती है। जबकि चांदी प्रति किलो की कीमत 95 हजार के आंकड़े पर पहुंच सकती है। जयपुर सर्राफा कमेटी की और से जारी भाव के अनुसार जयपुर में 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 79 हजार 400 रुपए पर आ गई है, जबकि 22 कैरेट प्रति 10 ग्राम सोने की कीमत सोने की कीमत 74 हजार 200 रुपए पहुंच गई है। सोना 18 कैरेट 61 हजार 100 रुपए प्रति दस ग्राम और 14 कैरट 47 हजार 700 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया है। वहीं, चांदी रिफाइन की कीमत 92 हजार 700 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई है। सोना खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान 1. सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉल मार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। नए नियम के तहत एक अप्रैल से 6 डिजिट वाले अल्फान्यूमेरिक हॉलमार्किंग के बिना सोना नहीं बिकेगा। जैसे आधार कार्ड पर 12 अंकों का कोड होता है, उसी तरह से सोने पर 6 अंकों का हॉल मार्क कोड होगा। इसे हॉल मार्क यूनीक आइडेंटिफिकेशन नंबर यानी HUID कहते हैं। ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह से हो सकता है- AZ4524। हॉलमार्किंग के जरिए ये पता करना संभव हो गया है कि कोई सोना कितने कैरेट का है। 2. कीमत क्रॉस चेक करें सोने का सही वजन और खरीदने के दिन उसकी कीमत कई सोर्सेज (जैसे इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट) से क्रॉस चेक करें। सोने का भाव 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट के हिसाब से अलग-अलग होता है। 24 कैरेट सोने को सबसे शुद्ध सोना माना गया है, लेकिन इसकी ज्वेलरी नहीं बनती, क्यों कि वो बेहद मुलायम होता है। आमतौर पर ज्वेलरी के लिए 22 कैरेट या इससे कम कैरेट सोने का इस्तेमाल किया जाता है। कैरेट के हिसाब से ऐसे चेक करें कीमत: मान लीजिए 24 कैरेट सोने का दाम 60 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम है। यानी एक ग्राम सोने की कीमत हुई 6000 रुपए। ऐसे में 1 कैरेट शुद्धता वाले 1 ग्राम सोने की कीमत हुई 6000/24 यानी 250 रुपए। अब मान लीजिए आपकी ज्वेलरी 18 कैरेट शुद्ध सोने से बनी है तो 18×250 यानी इसकी कीमत 4,500 रुपए प्रति ग्राम हुई। अब आपकी ज्वेलरी जितने भी ग्राम की है उसमें 4,500 रुपए का गुणा करके सोने की सही कीमत निकाली जा सकती है।


