शहर में बढ़ते अपराध और युवक राजा साहू की हत्या के विरोध में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गंज थाने के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा से इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि गंज थाने से करीब 400 मीटर दूर युवक राजा साहू की हत्या हुई, जिससे राजधानी की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। उनका कहना है कि पिछले दो साल में रायपुर में चाकूबाजी, बलात्कार, हत्या और लूट जैसी घटनाओं में तेजी से बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम लोगों, खासकर महिलाओं और युवतियों के लिए सड़क पर निकलना मुश्किल हो गया है। कांग्रेस का कहना है कि गृहमंत्री के दो साल से ज्यादा के कार्यकाल में रायपुर की कानून व्यवस्था को लेकर एक भी बड़ी समीक्षा बैठक नहीं हुई, जिससे राजधानी के प्रति सरकार की उदासीनता साफ दिखाई देती है। अवैध शराब और नशे के कारोबार पर सरकार को घेरा प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शहर में अवैध शराब, सट्टा और सूखे नशे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। पार्टी नेताओं ने कहा कि इन कारोबारों को भाजपा नेताओं का संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने हाल ही में दुर्ग में भाजपा नेता के खेत में करीब एक करोड़ रुपए की अफीम की खेती मिलने का मामला भी उठाया और इसे नशे के नेटवर्क का उदाहरण बताया। पुलिस व्यवस्था सुधारने की मांग पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा ने थानों में स्टाफ बढ़ाने, सड़कों पर पुलिस गश्त बढ़ाने और चुनाभट्ठी इलाके में नई पुलिस चौकी खोलने की मांग की। वहीं पूर्व महापौर प्नमोद दुबे ने कहा कि कमिश्नरेट प्रणाली को प्रभावी बनाने के लिए संसाधन बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने जुआ-सट्टा और ऑनलाइन बेटिंग एप के पीछे राजनीतिक और प्रशासनिक संरक्षण होने का भी आरोप लगाया। रायपुर ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष Rajendra Pappu Banjare ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन अपराधियों पर सख्त कार्रवाई नहीं कर रहा और भाजपा नेताओं के दबाव में काम कर रहा है। पुलिस ने दिया कार्रवाई का भरोसा प्रदर्शन के दौरान गंज थाना पहुंचे एएसपी दीपक मिश्रा ने कांग्रेस नेताओं को आश्वासन दिया कि शहर में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी। साथ ही लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी। प्रदर्शन में कांग्रेस के कई पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।


