भास्कर न्यूज | अमृतसर भारतीय व्यापार मंडल ने गुरुनगरी में ही इकोनामिक जोन रिजीन स्थापित करने की मांग की है। व्यापार मंडल के प्रदेश प्रधान राजीव अनेजा की अगुवाई में भाजपा के प्रदेश महासचिव जगमोहन राजू के साथ हुई बैठक में उन्हें इस संदर्भ में लिखित पत्र भी सौंपा गया। भाजपा नेता राजू ने गुरुनगरी में ही इकोनॉमिक जोन रिजीन स्थापित करवाने का बीड़ा उठाते हुए कहा है कि अभियान को शुरू करने का ऐलान भी किया। राजू ने कहा कि वह जल्द ही भारतीय व्यापार मंडल व अन्य व्यापारिक संगठनों की इस मांग को सीएम भगवंत मान के समक्ष रखेंगे। आस्था के आध्यात्मिक केंद्र अमृतसर में ही इकोनॉमिक जोन को स्थापित करवाने के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय तक अप्रोच की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस संबंधी विभिन्न व्यापारिक संगठनों के हस्ताक्षरों से दिए गए ज्ञापनों को जल्द ही सीएम मान को सौंपा जाएगा। इसके लिए प्रधानमंत्री कार्यालय तक भी अगर गुहार लगानी पड़ी तो लगाई जाएगी। पंजाब सरकार के साथ मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात भी करनी पड़ी तो की जाएगी। इसके लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। .जोन स्थापित होने से इंडस्ट्री को सरकार से कई तरह की सबसिडी हासिल होती है। .गुरुनगरी फिर से मेन्यूफेक्चरिंग हब बनेगी। .इंडस्ट्री प्रफुल्लित होगी, आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। .आधारभूत ढांचा मजबूत होगा, गुरुनगरी का कायाकल्प होगा, नई सडक, रेल का जाल बिछेगा। .अन्य राज्यों व मुल्कों को निर्यात बढ़ेगा। .टैक्सटाइल इंडस्ट्री फिर पटरी पर लोटेगी। .पर्यटन, होटल उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा। राजू ने खुलासा किया कि इसे लेकर केंद्रीय बजट में 5 हजार करोड़ रुपए आरक्षित हैं। प्रदेश के किसी एक प्रमुख सिटी में इसे बनाया जाना है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के बद्दी, देहरादून, जम्मू कश्मीर, गुजरात इत्यादि में उक्त इकोनॉमिक जोन पहले से स्थापित हैं। गुरुनगरी में इकोनॉमिक जोन स्थापित होने से माझा बैल्ट के व्यापारियों व लोगों को विशेष फायदा होगा। रेल आवजाई के साधन भी बढेंगे, रेल का विस्तार होगा। गुरुनगरी दशकों तक मेन्यूफेक्चरिंग हब रहा है। उद्योग के साथ-साथ पर्यटन उद्योग को भी विशेष फायदा होगा। उन्होंने कहा कि अगले 15 दिनों के भीतर सीएम भगवंत मान से मुलाकात करने का प्रयास किया जाएगा।


