गांडेय | ताराटांड़ स्थित बाबा आशुतोष धाम मंदिर में महाशिवरात्रि पूजा को लेकर रविवार को पूजा समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र यादव की अध्यक्षता मे बैठक आयोजित की गयी। बैठक में हर साल की तरह इस साल भी धूमधाम के साथ महाशिवरात्रि का त्यौहार मनाने का निर्णय लिया गया। पूजा समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने कहा कि महाशिवरात्रि पूजा धूमधाम एवं उल्लास के साथ 15 फरवरी को भव्य बाराती के साथ झांकी निकाली जाएगी। साथ ही 16 फरवरी को दिन में मेला व रात मे सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।इस दौरान पूजा में शान्ति व्यवस्था को लेकर लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए।बैठक मे कोषाध्यक्ष बासुदेव मंडल को आय-व्यय का लेखा-जोखा संधारण करने का दायित्व सौंपा गया। जबकि सुजीत राम,राजेश मंडल,अनिल यादव,राजकुमार तुरी, रोहन पंडित,पवन कुमार अग्रवाल,मुरली यादव, देवेन्द्र मंडल,खोसन पंडित,बाबुलाल गोप को पूजा से संबंधित पंडाल,बाजा,लाईट सजाने की जिम्मेवारी दी गई। मौके पर पूजा समिति के संरक्षक प्रवीण कुमार चौधरी,जागेश्वर पंडित, सचिव जितन पंडित,सक्रिय सदस्य अनिल राम, भगवान पंडित,राजकुमार मंडल,दिनेश मंडल, रूपेश मंडल,तालेश्वर स्वर्णकार,युगल किशोर पंडित,प्रकाश राम,हरिहर यादव,नरेंद्र यादव, बासुदेव पंडित समेत अन्य लोग उपस्थित थे। गिरिडीह | गिरिडीह जिले के साहित्यकार राजेश पाठक का नाम राष्ट्रीय कविता प्रतियोगिता में देश के शीर्ष 100 कवियों की सूची में शामिल किया गया है। यह प्रतियोगिता बीते सितंबर माह में हिंदी पखवाड़ा के अवसर पर श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट, कोलकाता द्वारा आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर से हजारों कवियों ने भाग लिया था। उल्लेखनीय है कि राजेश पाठक अपने शासकीय दायित्वों के निर्वहन के साथ-साथ निरंतर साहित्य सृजन से भी जुड़े हुए हैं। उनकी कविताएं एवं आलेख देश-विदेश की अनेक प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में नियमित रूप से प्रकाशित होते रहे हैं। वर्ष 2014 में प्रकाशित उनकी पुस्तक “पुकार”, जो नक्सलियों को मुख्यधारा से जोड़ने की संवेदनशील थीम पर आधारित थी, काफी चर्चित रही। इस उल्लेखनीय साहित्यिक योगदान के लिए उन्हें जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित भी किया गया था। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित कविता प्रतियोगिता में राजेश पाठक का चयन उनकी कविता “गांव” के लिए किया गया है, जो ग्रामीण जीवन की सजीव अभिव्यक्ति प्रस्तुत करती है।


