राज्य के शासकीय कर्मियों के महंगाई भत्ते (डीए) में 3 प्रतिशत का इजाफा होगा। रविवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ राज्य कर्मचारी संघ के त्रैवार्षिक प्रदेश अधिवेशन में महंगाई भत्ता 55 प्रतिशत से बढ़ाकर 58 प्रतिशत करने की घोषणा की। इसका 4.07 लाख शासकीय कर्मियों और 1.45 लाख सेवानिवृत्त कर्मियों को फायदा होगा। तीन प्रतिशत डीए का भुगतान करने पर सरकारी खजाने पर हरेक माह लगभग 60 करोड़ रुपए अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। रोहिणीपुरम के सरस्वती शिक्षा संस्थान परिसर में आयोजित अधिवेशन में मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारी शासन-प्रशासन की रीढ़ होते हैं। उनकी मेहनत, निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन से ही सरकार की योजनाएं और नीतियां धरातल पर साकार होती हैं। जब सरकार और कर्मचारी कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करते हैं, तभी सुशासन सशक्त होता है और विकास की रफ्तार तेज होती है। बढ़ती महंगाई के बीच यह निर्णय कर्मचारियों के जीवन में वास्तविक राहत लेकर आएगा। यह सरकार की कर्मचारी-हितैषी सोच को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दो वर्षों में राज्य सरकार ने कर्मचारियों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। स्थानांतरण नीति, पदोन्नति प्रक्रिया और कार्यस्थल व्यवस्थाओं में सुधार किया गया। पेंशन, ग्रेच्युटी और अन्य सेवानिवृत्ति लाभों के समयबद्ध भुगतान पर जोर दिया गया है।


