राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा- रेप करने वाले लोगों को नपुंसक कर छोड़ देना चाहिए, तब ऐसे अपराध कम होंगे। उन्होंने कहा कि महिलाओं से छेड़छाड़ करने वालों की पिटाई करनी चाहिए। गवर्नर बागडे ने कहा- जब हमारे यहां (महाराष्ट्र में) शिवाजी महाराज का राज था, उस समय एक पटेल गांव का मुखिया रहता था। उसने रेप किया। इसके बाद शिवाजी महाराज ने ऑर्डर जारी किया। कहा- रेप करने वाले को मारो मत, इसके हाथ-पैर तोड़ दो। मरते दम तक वह वैसा ही रहा। ऐसे कानून भी थे, जब लोगों को डर रहता था कि कैसे खुद को कंट्रोल किया जाए। भावना को पढ़ाई के रूप में कंट्रोल किया जा सकता है। हम सब भाई-बहन हैं, यह स्कूल-कॉलेज में पढ़ाएं तो महिलाओं-लड़कियों के लिए बहन की भावना रहेगी। राज्यपाल सोमवार को भरतपुर जिला बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने रेप की वारदातों को लेकर मंच से यह बात कही। अपराधियों में कानून का डर दिखाई नहीं दे रहा
महात्मा गांधी वेटरनरी कॉलेज के ऑडिटोरियम में संबोधित करते हुए गवर्नर ने कहा- कानून से अपराधियों को डर लगता है या नहीं, ये नहीं मालूम। 12 साल से कम उम्र वाले बच्चे-बच्ची से किसी ने छेड़छाड़ की, किसी ने रेप या कुकर्म किया तो उसे फांसी की सजा है। फिर भी ऐसे अपराध रुक नहीं रहे। रोज ऐसे मामले सुनाई देते हैं। अपराधियों में कानून का डर दिखाई नहीं दे रहा। कानून के डर के लिए क्या करना है, क्या आप सोच सकते हैं? आप सुझाव रख सकते हैं। कानून होते हुए ऐसी घटनाएं क्यों घटती हैं? रेप करने वालों को नपुंसक करके छोड़ दिया जाए
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा- हमारे महाराष्ट्र में एक नगर पंचायत है। वहां कुत्ते बहुत हो गए थे। उनकी संख्या बढ़ती जा रही थी। वहां कुत्तों को नपुंसक बना दिया गया। इसके बाद कुत्तों की संख्या कम हो गई। ऐसे ही जो लोग रेप करते हैं, उनके लिए भी वही कायदा बनाएं। उन लोगों को नपुंसक करके छोड़ दिया जाए। उनकी शादी भी नहीं होगी। उन्हें हमेशा वैसे ही रहना पड़ेगा। वह जब गांव में घूमेगा तो लोग उसे पहचानेंगे। महिलाओं से छेड़छाड़ करने वालों की पिटाई करें
राज्यपाल ने कहा- महिलाओं पर अत्याचार होने पर लोग वीडियो बनाते हैं। यह बात ठीक नहीं है। किसी महिला के साथ छेड़छाड़ हुई तो उस आदमी को पकड़ो। वह आदमी है, आप भी आदमी हो। आपके साथ 2 से 4 लोग आ जाएंगे। जब तक यह मानसिकता हमारे मन में नहीं आएगी कि छेड़छाड़ करने वाले, रेप करने वाले को हम मौके पर जाकर रोकें, उसकी पिटाई करें, तब तक ये अपराध रुकने वाले नहीं हैं।


