सड़क परिवहन राजमार्ग राज्यमंत्री के नाम पर फर्जी दौरा प्रोग्राम जारी कर सरकारी प्रोटोकॉल लेने की साजिश करने का मामला सामने आया है। कथित यात्रा के लिए तीन दिन के लिए दौरा करने के साथ सीएम से मुलाकात का ब्यौरा तक दिया गया। अशोक नगर थाने में सचिवालय के डिप्टी चीफ प्रोटोकॉल की ओर से FIR दर्ज करवाई है। पुलिस ने बताया- सचिवालय में डिप्टी चीफ प्रोटोकॉल मानसिंह मीणा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। सड़क परिवहन राजमार्ग राज्यमंत्री के ऑफिस के नाम और अधिकार का दुरुपयोग कर धोखाधड़ी की गई। सामान्य परिवहन एवं राजमार्ग भारत सरकार के ऑफिस के नाम से 19 फरवरी को एक कथित यात्रा प्रोग्राम को लेकर एक लेटर मिला। इसमें करण सिंह नाम के व्यक्ति ने खुद को मंत्री का ओएसडी बताया। कथित यात्रा प्रोग्राम के बारे में बताकर राजस्थान राज्य के जयपुर, उदयपुर और राजसमंद जिलों का 24 फरवरी से 26 फरवरी तक दौरा करने वाला है। इसके लिए तीनों जिलों में सरकारी प्रोटोकॉल व्यवस्था की मांग की गई। तीनों जिलों के दौरे की जानकारी के साथ ही राजस्थान मुख्यमंत्री से मुलाकात और नाथद्वारा में दर्शन तक का ब्यौरा दर्ज था। लेटर की जांच करने पर पता चला कि मंत्री ऑफिस में करण सिंह नाम का कोई व्यक्ति ही नहीं है। ये पूरी यात्रा प्रोग्राम पूर्णतया फेक है। धोखाधड़ी का पता चलने पर अशोक नगर थाने में मामला दर्ज करवाया गया। SHO (अशोक नगर) मोतीलाल शर्मा ने बताया- पुलिस की ओर से फर्जी प्रोटोकॉल का लेटर भेजने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


