भास्कर न्यूज । कवर्धा राज्य सभा में संविधान पर चर्चा के दौरान डॉ. भीमराव अंबेडकर पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दिए बयान को लेकर कवर्धा में जमकर बवाल हुआ। कथित टिप्पणी को लेकर शहर के वीर स्तंभ चौक पर गुरुवार शाम 5 बजे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गृहमंत्री अमित शाह का पुतला जलाया। कुछ देर बाद भाजपा ने भी सांसद राहुल गांधी का पुतला जलाया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए बैरिकेड्स तोड़ कांग्रेस भवन तक आ पहुंचे। यह देखकर दूसरी तरफ से कांग्रेस कार्यकर्ता भी संविधान विरोधी भाजपा और अमित शाह मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। दोनों ओर से नारेबाजी होने पर विवाद की स्थिति बन गई थी। कहीं कार्यकर्ता आपस में न भिड़ जाएं, इसलिए पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला। कांग्रेस भवन तक पहुंचे बीजेपी कार्यकर्ताओं को पीछे धकेला। हालांकि, किसी तरह का विवाद नहीं हुआ, लेकिन दोनों ओर से करीब आधे घंटे तक नारेबाजी होती रही। कवर्धा. अमित शाह का पुतला जलाते कांग्रेसी। जानिए, विवाद क्यों हुआ और क्या है पूरा मामला दरअसल, शीतकालीन सत्र के दौरान राज्यसभा में संविधान पर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए डॉ. भीमराव अंबेडकर को लेकर बयान दिया। विपक्षी दलों ने संसद में प्रदर्शन किया। इस दौरान धक्का- मुक्की में भाजपा के दो सांसद घायल हो गए। इसी घटना को लेकर कवर्धा में भाजपा और कांग्रेस ने एक-दूसरे के खिलाफ प्रदर्शन किया।


