रायपुर में राज्य कर्मचारी महासंघ का अखिल भारतीय अभ्यास वर्ग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूप नारायण सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में देश के 11 राज्यों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय उपाध्यक्ष एमपी सिंह, राष्ट्रीय राज्य कर्मचारी महासंघ के प्रभारी उन्नीकृष्णन, अखिल भारतीय अध्यक्ष विपिन डोंगरा और अखिल भारतीय महामंत्री डॉ. विष्णु वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मुख्य अतिथि रूप नारायण सिंह ने कहा कि राष्ट्र ऋषि दत्तपंत ठेंगड़ी द्वारा स्थापित राष्ट्रीय राज्य कर्मचारी महासंघ न केवल कर्मचारियों के हितों के लिए काम कर रहा है, बल्कि सामाजिक मूल्यों की रक्षा के लिए भी प्रयासरत है। उन्होंने समाज में आ रही विकृतियों पर चिंता जताते हुए कहा कि पहले जहां परिवारों में गाय पाली जाती थी और कुत्ते रखवाली करते थे, आज स्थिति उलट गई है। इसी तरह पहले बुजुर्गों को परिवार में सम्मान के साथ रखा जाता था, लेकिन आज वे वृद्धाश्रमों में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने संगठन से इन सामाजिक विकृतियों को दूर करने के लिए आगे आने का आह्वान किया। अभ्यास वर्ग में राष्ट्रीय अध्यक्ष विपिन डोंगरा ने पुरानी पेंशन और यूनिफाइड पेंशन में विसंगति को दूर कर पुरानी पेंशन लागू करने पर सरकार को प्रस्ताव दिया जा रहा है। आज संगठन की मांग पर 8वें वेतन आयोग का गठन तो कर दिया गया है, परंतु संगठन की मांग है, कि समस्त राज्यों एवं केंद्रीय कर्मचारियों के एक समान वेतन और भत्ते होना चाहिए। पूर्व की भांति कर्मचारियों को बोनस, केसलेस बीमा जैसी मांगें रखी गईं, जिस पर प्रकाश डाला। मध्य प्रदेश से प्रमोद मिश्रा अखिल भारतीय संगठन मंत्री, हेमन्त श्रीवास्तव प्रदेश अध्यक्ष, सुभाष शर्मा प्रदेश उपाध्यक्ष, जितेंद्र शाक्य संयोजक भोपाल, सविता जायसवाल संभागीय कोषाध्यक्ष शहडोल आयोजन में उपस्थित रहे।


