राज्य कर विभाग ने व्यापारियों को जीएसटी पंजीकरण की अहमियत के बारे में बताया

भास्कर न्यूज | लुधियाना उत्पाद शुल्क और कराधान विभाग, कार्यालय एसीएसटी, लुधियाना-3 ने जीएसटी पंजीकरण को बढ़ावा देने और अपंजीकृत व्यवसायों को जीएसटी के दायरे में लाने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में व्यापारियों, दुकानदार संघों और अप्रत्यक्ष कर सलाहकार संघ के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने 10 जनवरी 2025 से शुरू होने वाले सर्वेक्षण अभियान की जानकारी दी, जिसका लक्ष्य व्यापारियों को जीएसटी अधिनियम के तहत पंजीकरण के लिए प्रेरित करना और कर राजस्व में वृद्धि करना है। बैठक में प्रमुख व्यापारिक संगठनों, जैसे लुधियाना केमिस्ट एसोसिएशन, अकालगढ़ मार्केट दुकानदार संघ, मीना बाजार संघ और अन्य संगठनों ने हिस्सा लिया। सहायक आयुक्त राज्य कर, शाइनी सिंह और निरीक्षक हरदीप सिंह आहूजा ने जीएसटी पंजीकरण के लाभों पर जोर देते हुए बताया कि यह पंजीकरण व्यापारियों को कानूनी और व्यावसायिक सुरक्षा प्रदान करता है। विशेष चर्चा में जूता व्यापारियों, रेडीमेड कपड़ों के डीलरों और दवा व्यापारियों के साथ संवाद हुआ। विभाग ने बताया कि 10 जनवरी से अपंजीकृत डीलरों पर सर्वेक्षण के लिए ईटीओ और निरीक्षक टीमों को मैदान में उतारा जाएगा। इसके साथ ही, कर नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए व्यापारियों को अतिरिक्त सहायता प्रदान की जाएगी। आगामी 9 जनवरी को दांडी स्वामी रोड, पीएयू, साउथ सिटी और हैबोवाल कलां सहित अन्य क्षेत्रों में भी इस प्रकार की बैठकें आयोजित की जाएंगी। जीएसटी पंजीकरण के लाभ: कानूनी सुरक्षा और व्यवसायिक मान्यता। राज्य और केंद्रीय योजनाओं में भागीदारी। व्यापार का विस्तार और विश्वास बढ़ाने का अवसर। अपंजीकृत व्यवसायों पर कानूनी कार्रवाई से बचाव।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *