टीकमगढ़ मे शनिवार को मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार के 1 साल पूरा होने के उपलक्ष्य में पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के तौर पर पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के विधानसभा घेराव की चेतावनी को नौटंकी बताया। भाजपा जिलाध्यक्ष अमित नुना ने कहा कि संगठन पर्व पर बूथ समितियों का कार्य शत प्रतिशत पूरा हो गया है। जिले में पौने 2 लाख सदस्यता हुई। अब जिले में तीन नए मंडल देरी, सावरकर और बम्होरी कलां बनाए गए हैं। राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार ने कहा कि भाजपा सरकार का यह प्रथम वर्ष मध्य प्रदेश में सुशासन, विकास और विरासत के संवर्धन के लिए समर्पित रहा है। हमारी सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्र सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के साथ विकसित मप्र की संकल्पना को साकार करने का प्रयास किया है। मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने 1 वर्ष के कार्यकाल में किसान, गरीब, महिला और युवाओं के लिए सफलता के द्वार खोल दिए हैं। इससे अन्य वर्गों के जीवन में अभूतपूर्व परिवर्तन आया है। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि विवेक चतुर्वेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष अमित नुना, मीडिया प्रभारी प्रफुल्ल द्विवेदी, स्वप्निल तिवारी मौजूद रहे। कांग्रेस का विरोध दिखावा दो दिन पहले कांग्रेस विधायक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया था। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान इस मुद्दे को लेकर पूछे गए सवाल पर राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार ने कहा कि कांग्रेस की सरकारों ने कभी गरीब, किसान और युवाओं के हित के लिए कोई काम नहीं किया। कांग्रेसी नेताओं को अब कुछ काम नहीं बचा है। चर्चाओं में बने रहने के लिए विधानसभा घेराव की चेतावनी दी है। जनता कांग्रेस को नकार चुकी है।


