राज्य मंत्री ने ग्राम पंचायत भवन केर का किया लोकार्पण:कहा- गांव के विकास में सभी की सहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है

पंचायती राज विभाग के तहत स्वीकृत नवीन ग्राम पंचायत भवन केर का लोकार्पण सोमवार को राज्य के ग्रामीण विकास, पंचायती राज, आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री देवासी ने कहा कि गांव के विकास में सभी की सहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने केर ग्रामवासियों के सहयोग की भावना और क्षेत्र को विकसित करने की प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का प्रतिनिधि होने के नाते क्षेत्र से संबंधित राज्य स्तर पर किए जाने वाले किसी भी कार्य को पूर्ण करने में पूरी तत्परता दिखाई जाएगी एवं धन की कमी भी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य एवं केंद्र स्तर पर लिए गए महत्वपूर्ण फैसले एवं की गई घोषणाएं विकास का दीर्घकालीन निवेश है जिसका प्रभाव सदैव दिखेगा और क्षेत्र को आगे ले जाने में महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने सभी को साथ में आकर कार्य करने एवं जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर विकास कार्य करवाने की बात कही। सांसद लुंबाराम चौधरी ने केर पंचायत के नवनिर्मित भवन की प्रशंसा करते हुए इस कार्य के सहयोगियों की सराहना की साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य की विभिन्न योजनाओं के प्रचार प्रसार के लिए एवं प्रत्येक पात्र को लाभान्वित करने के लिए सभी को पूर्ण जागरूकता के साथ एक दूसरे को प्रेरित करना होगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली से सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र को दी जाने वाली राशि सीधे उनके खातों में जमा हो रही है जो कि एक अभिनव कार्य है। उन्होंने क्षेत्र से संबंधित पूर्व में किए गए विकास कार्यों की जानकारी दी तथा केंद्र सरकार के स्तर पर किए जाने वाले कार्यों के संबंध में आमजन को राहत पहुंचाने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता दर्शाई। विधायक समाराम गरासिया ने क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों की जानकारी देते हुए क्षेत्रवासियों को नवीन पंचायत भवन के निर्माण की बधाई दी। जिला प्रमुख अर्जुन राम पुरोहित ने केर पंचायत भवन की सराहना करते हुए इसके लिए प्रयास करने वालों एवं सहयोग करने वालों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मिनी सचिवालय से आमजन को राहत मिलेगी। इससे पूर्व सभी अतिथियों ने नवनिर्मित पंचायत भवन का अवलोकन किया एवं परिसर में वृक्षारोपण किया। कार्यक्रम के अंत में विकास अधिकारी नवलाराम चौधरी ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस दौरान प्रधान नितिन बंसल,सरपंच मधुबेन गरासिया, विमला देवी,पंचायत समिति सदस्य देवाराम सहित जनप्रतिनिधि,अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे। जनापुर से नांदिया मिसिंग लिंक सड़क का लोकार्पण राज्य के ग्रामीण विकास, पंचायती राज, आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने सोमवार को जनापुर में जनापुर से नांदिया मिसिंग लिंक सड़क किमी 0/0 से 2/800 का लोकार्पण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री देवासी ने कहा कि जनापुर ग्राम की अन्य समस्याओं के निस्तारण में भी तत्परता जताते हुए ये विश्वास दिलाया कि सामूहिक प्रयासों से क्षेत्र को विकसित करने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। साथ ही क्षेत्र के विकास कार्यों के केंद्र स्तर के प्रकरणों में सांसद लुंबाराम चौधरी एवं राज्य सरकार के स्तर के प्रकरणों में स्वयं राज्यमंत्री देवासी तथा आबू पिंडवाड़ा विधायक समाराम गरासिया पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद लुंबाराम चौधरी ने क्षेत्र की समस्याओं के निस्तारण में प्रतिबद्धता जताते हुए अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर क्षेत्र को प्रगति के पथ पर ले जाने की बात कही। उन्होंने जनापुर से नांदिया सड़क के महत्व और इसके लिए किए गए प्रयासों के बारे में भी बताया। सांसद चौधरी ने केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए लाभान्वित होने की बात भी कही। आबू पिंडवाड़ा विधायक समाराम गरासिया ने क्षेत्रवासियों को सड़क निर्माण के लिए बधाई देते हुए भामाशाहों के सहयोग की सराहना की साथ ही कहा कि हर समस्या का समाधान आमजन का सहयोग मिलने से आसानी से एवं तीव्रता से होता है उन्होंने क्षेत्र के उत्तरोत्तर विकास के कार्यों की सफल क्रियान्विति को ही जनप्रतिनिधियों की मंशा बताया। जिला परिषद सदस्य किरण राजपुरोहित ने अपने संबोधन में सड़क निर्माण के लिए किए गए प्रयासों तथा भामाशाहों व जनप्रतिनिधियों के सहयोग के बारे में बताते हुए क्षेत्र की अन्य समस्याओं से भी अवगत करवाया। इस दौरान प्रधान नितिन बंसल, उप प्रधान रमेश रावल, सरपंच लता रावल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *