राज्य रोल बॉल लीग में उदयपुर की बेटियों का दम:कांस्य पदक किया अपने नाम, 20 जिलों की बालिकाओं ने लिया भाग

खेल प्रतिभा के दम पर उदयपुर की बालिकाओं ने एक बार फिर नाम रोशन किया है। अजमेर में आयोजित पहली अस्मिता राज्य रोल बॉल लीग में शानदार प्रदर्शन करते हुए उदयपुर टीम ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता का आयोजन अजमेर के आदर्श विद्या निकेतन स्कूल में किया गया। उदयपुर टीम के कोच घनश्याम सिंह राजपुरोहित ने बताया कि लीग का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना था। प्रतियोगिता का आयोजन रोल बॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के संयुक्त तत्वावधान में हुआ, जिसमें राज्य के 20 जिलों से बालिकाओं ने भाग लेकर प्रतिस्पर्धा को रोमांचक बनाया। उदयपुर टीम की खिलाड़ी वंशिका जैन, रिया आसवानी, मिताक्षी भाटी, एरिका यादव, राघवी साहू और वेनिशा शांडिल्य को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। टीम के सामूहिक प्रयास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम रहा कि उदयपुर कांस्य पदक जीतने में सफल रहा। इस अवसर पर बीएसआर के संरक्षक भूपेंद्र सिंह राठौड़ ने बालिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलों में बेटियों की बढ़ती भागीदारी समाज के लिए सकारात्मक संकेत है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में ये खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *