राज्य सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर भगवान महावीर टाउनहॉल में गुरुवार को आयोजित जिला विकास प्रदर्शनी का जिला कलेक्टर टीना डाबी ने फीता काटकर उद्घाटन किया। इससे पूर्व उन्होंने टाउन हॉल परिसर में पंच गौरव, राजीविका व चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की स्टॉलों का अवलोकन कर जानकारी प्राप्त की। इस दौरान जिला कलेक्टर टीना डाबी ने कहा कि गत एक वर्ष में जिले में विकास के काफी कार्य हुए हैं। इस विकास प्रदर्शनी में राज्य सरकार की उपलब्धियों, विकासकारी एवं जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, रंगीन छायाचित्रों के साथ प्रदर्शित की गई है। उन्होंने कहा कि सभी जिलेवासियों को इस प्रदर्शनी का अवलोकन करना चाहिए। जिला कलेक्टर ने बताया कि इस विकास प्रदर्शनी में बजट घोषणाएं, चल रहे कार्य, उलपब्धियों, जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया गया है। राइजिंग राजस्थान में जिले में 2250 करोड़ के एमओयू हुए हैं। कई बजट घोषणाएं हुई हैं। इस तरह से जिला विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है, जिसके बारे में विस्तार से जानकारी दी गई है।


